
रायपुर। “फार्म टू फार्मर” पहल के अंतर्गत नई दुनिया की टीम द्वारा किसानों के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक गणेश वंदना और भगवान विष्णु के दशावतार की सुंदर प्रस्तुति के साथ हुई, जिसने माहौल को आध्यात्मिक और उत्साहपूर्ण बना दिया।
इस विशेष अवसर पर छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली बाल कलाकार वर्षा सिन्हा ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया। वर्षा की भरतनाट्यम नृत्य शैली ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी आंखों की भाव-भंगिमाएं, मुद्राएं और सटीक अभिव्यक्ति इतनी प्रभावशाली रही कि उपस्थित दर्शक तालियों की गूंज से सभागार को भरते रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कृषि मंत्री रामविचार नेताम भी वर्षा सिन्हा की कला से बेहद प्रभावित हुए। उन्होंने वर्षा की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि इतनी छोटी उम्र में इस प्रकार की उत्कृष्ट कला साधना प्रेरणादायक है। मंत्री जी ने वर्षा को सम्मानित कर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वर्षा सिन्हा वर्तमान में स्वामी आत्मानंद विद्यालय, सरोना में कक्षा चौथी की छात्रा हैं। अपनी सफलता का श्रेय वह अपने गुरुजनों और अपने परिवार को देती हैं। वर्षा का कहना है कि उनके गुरु ने उन्हें नृत्य की बारीकियों को समझाया और निरंतर अभ्यास के लिए प्रेरित किया, जिसकी वजह से वह आज इस मुकाम तक पहुंच सकी हैं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों के योगदान को सम्मानित करना और समाज में उनकी भूमिका को रेखांकित करना था। इस आयोजन ने न केवल किसानों का मनोबल बढ़ाया, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को भी एक मंच प्रदान किया।

