छत्तीसगढ़राज्य

महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल, संवर रहा परिवार और बच्चों का भविष्य

Through the Mahtari Vandan Yojana, women are receiving financial support, and the future of their families and children is being secured.

रायपुर, 30 अप्रैल 2026 छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत आधार बनती जा रही है। यह योजना न केवल महिलाओं को आर्थिक सहारा प्रदान कर रही है, बल्कि उनके आत्मविश्वास को बढ़ाते हुए परिवार के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। हर माह मिलने वाली सहायता राशि से ग्रामीण महिलाओं की दैनिक जरूरतें पूरी हो रही हैं और बच्चों की शिक्षा व भविष्य को नई दिशा मिल रही है।
सरगुजा जिले के विभिन्न ग्रामों में इस योजना का सकारात्मक प्रभाव स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। ग्राम पंचायत गुमगराकलां की निवासी गायत्री साहू बताती हैं कि योजना से मिलने वाली राशि उनके लिए नियमित आर्थिक सहारा बन गई है। इससे घर के छोटे-मोटे खर्च आसानी से पूरे हो जाते हैं और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में भी सहयोग मिल रहा है। वे कहती हैं कि इस सहायता ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का आत्मविश्वास दिया है।
इसी तरह अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत खैरबार की सरिता राजवाड़े के लिए भी यह योजना बेहद लाभकारी सिद्ध हो रही है। उन्हें प्रतिमाह मिलने वाली राशि से न केवल घर की दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति हो रही है, बल्कि वे बच्चों की शिक्षा में निवेश करने के साथ-साथ थोड़ी बचत भी कर पा रही हैं। उनके अनुसार, यह योजना ग्रामीण महिलाओं के लिए आर्थिक मजबूती का बड़ा माध्यम बनकर उभरी है।
ग्राम गुमगराकलां की ही आरती पैकरा की कहानी इस योजना के प्रभाव को और भी स्पष्ट करती है। सीमित आय और खेती पर निर्भर परिवार में आर्थिक तंगी के कारण पहले बच्चों की पढ़ाई और घरेलू जरूरतों को पूरा करना कठिन था। लेकिन अब महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली राशि से उनके परिवार की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आया है। वे अपने तीनों बच्चों की शिक्षा पर ध्यान दे पा रही हैं और घर के आवश्यक खर्च बिना किसी कठिनाई के पूरा कर रही हैं।
आरती कहती हैं कि इस योजना ने उन्हें मानसिक शांति दी है और अब वे अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निश्चिंत होकर प्रयास कर पा रही हैं। उनकी यह बदलती स्थिति न केवल उनके परिवार में खुशी लाई है, बल्कि गांव में महिलाओं के लिए प्रेरणा भी बनी है।
प्रदेश भर में लाखों महिलाएं इस योजना से लाभान्वित होकर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो रही हैं। महिलाओं ने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि शासन की इस पहल से उनके जीवन में सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन आ रहा है। स्पष्ट है कि महतारी वंदन योजना आज महिलाओं के लिए केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सम्मान, आत्मविश्वास और सशक्त भविष्य की मजबूत नींव बनती जा रही है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button