
रायपुर। रायपुर में बीटेक छात्र ने अशोका रतन अपार्टमेंट की 6वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली है। वो पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन में था। लेकिन सुसाइड की वजह साफ नहीं हो पाई है। घटना पंडरी थाना इलाके की है।
बताया जा रहा है कि, बिल्डिंग से नीचे गिरने के बाद छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे परिजनों और पड़ोसियों ने इलाज के लिए विधानसभा इलाके में स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, छात्र की पहचान गौरव जायसवाल के रूप में हुई है। उसने गुरुवार दोपहर 11.30 से 12 बजे के बीच अशोका रतन अपार्टमेंट की ब्लॉक नंबर-9 की 6वीं मंजिल से छलांग लगा दी।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि गौरव पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन में था। हालांकि उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। घटना के बाद अपार्टमेंट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, वो परिवार में दो बहनों और एक भाई के बीच था। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और छात्र के मोबाइल और अन्य दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।




