छत्तीसगढ़राज्य

471 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ, वन अधिकार पट्टों का हुआ वितरण

471 beneficiaries received the benefits of schemes; forest rights leases were distributed.

रायपुर, 11 जून 2026 सुशासन तिहार के अंतिम जनसमस्या निवारण शिविर में गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के चर्चेड़ी ग्राम पंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। आसपास की 18 ग्राम पंचायतों के लोगों ने अपनी समस्याओं, मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए तथा शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक प्रणव कुमार मरपची ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर आयोजित सुशासन तिहार जनसेवा का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंच रहा है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर माह आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, वहीं किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है।
शिविर में राजस्व विभाग से संबंधित 128 आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा राशन कार्ड, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, वन अधिकार पट्टा, महतारी वंदन योजना, विद्युत कनेक्शन, बोरवेल, हैंडपंप और अन्य जनहितकारी योजनाओं से जुड़े 770 आवेदन जमा किए गए।
कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने कहा कि सभी आवेदनों का निराकरण निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व प्रकरणों में आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने की अपील की ताकि मामलों का समयबद्ध निराकरण हो सके।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा कुल 471 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इनमें 150 हितग्राहियों को वन अधिकार पट्टा, 49 हितग्राहियों को आबादी पट्टा, 28 किसानों को किसान किताब, 120 लोगों को वोटर आईडी, 2 कोटवारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने पंडरी और पथर्री ग्राम पंचायतों में पूर्ण हुई नल-जल योजना का हस्तांतरण प्रमाण पत्र प्रदान किया। ग्रामोद्योग विभाग ने दो हितग्राहियों को 35 हजार एवं 70 हजार रुपये की अनुदान राशि वितरित की। परिवहन विभाग ने 32 लोगों को लर्निंग लाइसेंस प्रदान किए।
स्वास्थ्य, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास तथा कृषि विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड, सिकल सेल कार्ड, सहायक उपकरण, मूंग बीज, सुकन्या समृद्धि योजना और नोनी सुरक्षा योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। शिविर में 7 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा 7 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।
शिविर के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति और लाभ वितरण की जानकारी ली। सुशासन तिहार का यह अंतिम शिविर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से जोड़ने और उनकी समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच साबित हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button