छत्तीसगढ़राज्य

मुंगेली को विकसित जिला बनाने जनप्रतिनिधि और अधिकारी मिलकर करें काम: जिला पंचायत अध्यक्ष

Public representatives and officials should work together to make Mungeli a developed district: District Panchayat President.

मुंगेली: जिला पंचायत मुंगेली के सभाकक्ष में बुधवार को आयोजित सामान्य सभा की बैठक में जिले के विकास, अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर व्यापक चर्चा हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष शांति देवचरण भास्कर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय, जिला पंचायत सदस्यगण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने कहा कि मुंगेली को विकसित जिले के रूप में स्थापित करने के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने और विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। बैठक की शुरुआत पिछली सामान्य सभा की कार्यवाही की पुष्टि के साथ हुई। इसके बाद पंचायत, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, सहकारिता, विद्युत, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। सदस्यों ने जिले में स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति, अपूर्ण कार्यों की स्थिति तथा विभिन्न लंबित प्रकरणों के निराकरण की जानकारी प्राप्त की।
बैठक में नलकूप खनन, जर्जर शासकीय भवनों की स्थिति, विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभ वितरण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की गई। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से जल जीवन मिशन, हैंडपंपों के रखरखाव और पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली गई। वहीं शिक्षा विभाग को स्कूल भवनों की आवश्यक मरम्मत और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा जिला निर्माण समिति के अंतर्गत संचालित निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की भी समीक्षा की गई। कृषि एवं सहकारिता विभाग ने खरीफ सीजन के लिए खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जानकारी प्रस्तुत की।
जिला पंचायत सीईओ ने विभागीय अधिकारियों को सामान्य सभा में दिए गए निर्देशों का गंभीरतापूर्वक पालन सुनिश्चित करने तथा समय-सीमा में कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने नहरों के मध्य अवैध रूप से निर्मित पुलियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जिले के समग्र विकास के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल देते हुए विभिन्न सुझाव भी प्रस्तुत किए। सामान्य सभा की बैठक में विकास कार्यों को गति देने और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का संकल्प दोहराया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button