छत्तीसगढ़राज्य

सूरजपुर की प्रतिभाशाली खिलाड़ी का रायपुर खेल अकादमी में चयन

Talented player from Surajpur selected for Raipur Sports Academy.

रायपुर: राज्य में खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के प्रयास लगातार सकारात्मक परिणाम दे रहे हैं। इसी कड़ी में जिला सूरजपुर के खेलो इंडिया सेंटर हराटिकरा की एक प्रतिभावान बालिका खिलाड़ी का चयन आवासीय खेल अकादमी रायपुर के लिए हुआ है। यह उपलब्धि न केवल सूरजपुर जिले बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
ग्रामीण अंचल से निकलकर अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के बल पर बालिका खिलाड़ी ने यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। उसके चयन से यह साबित हुआ है कि उचित मार्गदर्शन, नियमित प्रशिक्षण और अवसर मिलने पर प्रदेश की बेटियां किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।
इस अवसर पर कलेक्टर रेना जमील ने बालिका खिलाड़ी को फुटबॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जिले की बेटियां खेल जगत में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं और अपनी उपलब्धियों से अन्य बच्चों को भी प्रेरित कर रही हैं। उन्होंने खिलाड़ी को निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ते हुए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित खेलो इंडिया सेंटरों के माध्यम से प्रदेश के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें व्यवस्थित प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं और युवा खिलाड़ी राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बना रहे हैं।
बालिका खिलाड़ी के चयन से जिले में हर्ष का माहौल है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों ने इसे प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए खिलाड़ी को शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर खेल अधिकारी आरती पांडेय तथा खेलो इंडिया सेंटर हराटिकरा के प्रशिक्षक प्रकाश गुप्ता सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button