छत्तीसगढ़राज्य

चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर बढ़ी शिकायतें, जागरूकता से बीजापुर में बच्चों की सुरक्षा को मिली मजबूती

Complaints on Child Helpline 1098 rise; awareness strengthens child safety in Bijapur.

रायपुर: चाइल्ड हेल्पलाइन1098 लाखों बच्चों के लिए आशा की किरण है। यह 24 घंटे, साल के 365 दिन चलने वाली एक निःशुल्क आपातकालीन सेवा है, जो जरूरतमंद बच्चों की मदद करती है। हम न केवल बच्चों की आपातकालीन जरूरतों को पूरा करते हैं, बल्कि उनकी दीर्घकालिक देखभाल और पुनर्वास के लिए उन्हें उपयुक्त सेवाओं से भी जोड़ते हैं।
कलेक्टर विश्वदीप के निर्देशन में बीजापुर जिले में बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) और सखी वन स्टॉप सेंटर द्वारा स्कूलों, ग्राम पंचायतों और विभिन्न समुदायों में नियमित रूप से किए जा रहे प्रचार-प्रसार से आम नागरिकों में सजगता बढ़ी है। इसी बढ़ती जागरूकता का परिणाम है कि अब लोग बाल अपराधों के खिलाफ खुलकर सामने आ रहे हैं और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, 2012 के तहत होने वाले मामलों की जानकारी सीधे चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दे रहे हैं।
हाल ही में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर प्राप्त दो अलग-अलग शिकायतों पर जिला बाल संरक्षण इकाई और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने तत्परता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पीड़ित बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। उन्हें आवश्यक सुरक्षा, विशेषज्ञ परामर्श (काउंसलिंग) और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही दोनों ही मामलों में दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की वैधानिक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पीड़ित बच्चों को शासन के नियमानुसार निर्धारित आर्थिक व सामाजिक सहायता भी प्रदान की जा रही है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि विभाग का मुख्य उद्देश्य जिले के प्रत्येक बच्चे को एक सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। यदि किसी भी बच्चे के साथ शोषण या दुर्व्यवहार की घटना होती है, तो उसे शीघ्र न्याय दिलाने के लिए प्रशासन हरसंभव सख्त कार्रवाई करता है। उन्होंने नागरिकों को याद दिलाया कि 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन एक 24 घंटे संचालित होने वाली पूरी तरह निःशुल्क सेवा है। बच्चों के साथ किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार, शोषण, उत्पीड़न या संकट की स्थिति में कोई भी व्यक्ति इस नंबर पर सूचना दे सकता है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान को पूरी तरह से गुप्त और गोपनीय रखा जाता है।
बीजापुर जिला प्रशासन ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे बाल यौन शोषण, बाल विवाह, बाल श्रम या किसी बच्चे के लापता होने जैसी गंभीर घटनाओं को नजरअंदाज न करें। ऐसी किसी भी जानकारी या संदेह होने पर बिना किसी डर और देरी के तुरंत 1098 पर सूचित करें। समय पर दी गई एक छोटी सी सूचना संकट में फंसे बच्चों को सुरक्षित बचाने और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button