छत्तीसगढ़राज्य

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान से बेटियों को मिल रही सुरक्षा, आत्मविश्वास और अधिकारों की जानकारी

The 'Beti Bachao, Beti Padhao' campaign is providing daughters with safety, self-confidence, and knowledge of their rights.

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में संचालित बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सूरजपुर जिले के विकासखंड भैयाथान स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गंगौटी में जागरूकता शिविर आयोजित कर छात्राओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा, बाल अधिकार तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।
आयोजित शिविर में विशेषज्ञों ने छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में आत्मरक्षा के व्यावहारिक उपाय बताए। साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के उपयोग की जानकारी दी गई।
शिविर में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के उद्देश्यों के साथ घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, मासिक धर्म स्वच्छता, वित्तीय साक्षरता तथा महिला सुरक्षा पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महतारी वंदन योजना तथा सखी वन स्टॉप सेंटर जैसी महिला एवं बालिका हितैषी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
बाल संरक्षण अधिकारियों ने बाल विवाह के दुष्परिणाम, किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम के प्रावधानों तथा यातायात सुरक्षा नियमों पर भी विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने छात्राओं से किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या शोषण की आशंका होने पर तत्काल संबंधित हेल्पलाइन पर संपर्क करने की अपील की।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित ऐसे जागरूकता शिविरों के माध्यम से प्रदेशभर में बालिकाओं में आत्मविश्वास, कानूनी जागरूकता और सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाने के साथ-साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सतत प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button