छत्तीसगढ़देशराज्य

रामनगर-देहरादून के बीच पहली सीधी एक्सप्रेस ट्रेन शुरू, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी

First direct express train between Ramnagar and Dehradun launched; Railway Minister Ashwini Vaishnaw flagged it off.

नई दिल्ली। रामनगर और देहरादून के बीच पहली सीधी एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू हो गई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में शामिल हुए। नई ट्रेन से कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा और लंबे समय से चली आ रही लोगों की मांग पूरी होगी।
रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी। ट्रेन संख्या 15310 सुबह 5:50 बजे रामनगर से रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 15309 दोपहर 3:55 बजे देहरादून से चलकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। मार्ग में काशीपुर, रोशनपुर, पिपल्सना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार स्टेशनों पर ठहराव होगा।
ट्रेन में एसी सेकेंड क्लास, एसी थर्ड क्लास, एसी चेयर कार, स्लीपर क्लास, सेकेंड सिटिंग और जनरल सेकेंड क्लास कोच उपलब्ध होंगे। इससे उत्तराखंड के नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून जिलों के अलावा उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बिजनौर के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। छात्र, किसान, व्यापारी और अन्य यात्रियों को एक ही दिन में यात्रा कर अपने कार्य पूरे करने में सुविधा मिलेगी।
नई रेल सेवा से जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान, गिरिजा देवी मंदिर और सीतामढ़ी-सीतावनी जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी। हरिद्वार और देहरादून के जरिए बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री चारधाम यात्रा के लिए भी बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि हरिद्वार पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए ऋषिकेश रेलवे स्टेशन को फीडर स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है, जिससे अतिरिक्त क्षमता विकसित होगी और यात्रियों की आवाजाही अधिक सुगम बनेगी।
रेल मंत्री ने बताया कि राज्य में देहरादून, हरिद्वार जंक्शन, हर्रावाला, काशीपुर जंक्शन, किच्छा, कोटद्वार, रुड़की, काठगोदाम, लाल कुआं जंक्शन, रामनगर और टनकपुर सहित 11 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार और देहरादून स्टेशनों के विकास में गरीब और मध्यम वर्ग के यात्रियों की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, साथ ही भीड़भाड़ नियंत्रित रखने पर विशेष ध्यान रहेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस उत्तराखंड की रेल कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन पर तेजी से काम चल रहा है, जो राज्य के सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक और पर्यटन विकास की जीवनरेखा साबित होगी। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड को रेलवे के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपए का बजट मिला है और राज्य में 40,000 करोड़ रुपए से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर काम जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button