
रायपुर: रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड अंतर्गत ग्राम लोहाखान में विकास कार्यों को नई गति मिली है। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने आज ग्राम लोहाखान में आंगनबाड़ी भवन, मंगल भवन एवं अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इन विकास कार्यों से ग्रामीणों को सामाजिक, शैक्षणिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों के समग्र विकास को प्राथमिकता दे रही है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो और लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी भवन के निर्माण से गांव के बच्चों एवं महिलाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। वहीं मंगल भवन के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। अतिरिक्त कक्ष के निर्माण से संबंधित संस्था की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी और विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
वित्त मंत्री ने कहा कि रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांवों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़क, नाली, भवन, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को चरणबद्ध तरीके से स्वीकृति दिलाकर पूरा कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य ग्रामीणों के जीवन को सुविधाजनक बनाना और गांवों में अधोसंरचना को मजबूत करना है।




