छत्तीसगढ़राज्य

सुकमा में आयुष्मान महा अभियान आज, गांव-गांव और घर-घर बनेंगे आयुष्मान कार्ड

'Ayushman Maha Abhiyan' in Sukma today; Ayushman cards to be made in every village and every household.

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सुकमा जिले में कल 13 अगस्त को आयुष्मान महा अभियान चलाया जाएगा। बस्तर तिरंगा यात्रा के उपलक्ष्य में आयोजित इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की टीमें गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाएंगी।
कलेक्टर अमित कुमार की अध्यक्षता में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रशासन ने इस विशेष अभियान में 10 हजार से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा है, ताकि अधिक से अधिक परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिल सके।
अभियान के माध्यम से पात्र परिवारों को आयुष्मान योजना के तहत प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा का लाभ दिलाया जाएगा। इसके साथ ही 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और आवश्यक पहचान दस्तावेज साथ लाना होगा। अभियान के दौरान आयुष्मान कार्ड पूरी तरह निःशुल्क बनाए जाएंगे।
कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर ने जिलेवासियों से अपील की है कि राशन कार्ड में दर्ज परिवार के सभी पात्र सदस्यों का आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं। 13 अगस्त को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंचेगी, इसलिए सभी लोग आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित रहें। जिनका आयुष्मान कार्ड पहले से बना है, उन्हें दोबारा कार्ड बनवाने की जरूरत नहीं है।
जिला प्रशासन ने विशेष रूप से 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के बुजुर्गों का आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनवाने का आग्रह किया है। प्रशासन ने संदेश दिया है— “राशन कार्ड में नाम है तो आयुष्मान कार्ड जरूर बनवाएं।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button