छत्तीसगढ़राज्य

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने ली जांजगीर.चांपा जिले के जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक

Finance Minister O.P. Choudhary held a review meeting with district-level officials of Janjgir-Champa district.

रायपुर, 20 अगस्त 2026 वित्त मंत्री एवं जांजगीर-चांपा जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने आज जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं, ताकि जिलेवासियों को उनका समय पर लाभ मिल सके।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि आम नागरिकों के कार्यों का त्वरित निराकरण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार एवं लापरवाही की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। यदि ऐसी शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं तत्परता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
वित्त मंत्री ने जिले में संचालित बड़ी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, नालंदा परिसर सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की जानकारी ली और कहा कि सभी कार्य निर्धारित मापदंडों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा जिले की प्राथमिकता वाले आवश्यक विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश भी दिए।
बारिश के दौरान बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को विद्युत व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा किसी भी व्यवधान की स्थिति में उसका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। मंत्री चौधरी ने बारिश के कारण सड़कों पर हुए गड्ढों एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों की प्राथमिकता से मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन सुगम बना रहे और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री चौधरी ने कहा कि राजस्व विभाग के कार्य सीधे आम नागरिकों एवं ग्रामीणों से जुड़े होते हैं। इसलिए राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। विकास एवं निर्माण कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आवश्यक रूप से आमंत्रित करने के निर्देश भी उन्होंने दिए।
वित्त मंत्री मंत्री ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए हितग्राहियों के घरों में गुणवत्तापूर्ण सोलर पैनल स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को इसका लाभ दिलाने कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए हितग्राहियों को किस्त जारी करने में किसी भी प्रकार की देरी नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में हितग्राहियों को अनावश्यक परेशानी न हो। यदि कोई हितग्राही अपनी इच्छा एवं संसाधनों से निर्धारित आवास से बड़ा मकान बनाना चाहता है तो उसे इसके लिए प्रोत्साहित किया जाए।
महतारी वंदन योजना की समीक्षा के दौरान मंत्री चौधरी ने शेष हितग्राहियों की अभियान चलाकर ई-केवाईसी पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने वीबी-जी राम जी योजना के तहत निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के मरम्मत कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने कहा।
उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने जिले में फल एवं सब्जियों के उत्पादन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को उद्यानिकी फसलों के लिए अधिक से अधिक प्रेरित करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की समीक्षा में उन्होंने खाद एवं बीज के भंडारण तथा उपलब्धता की जानकारी ली। साथ ही नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग के संबंध में किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री चौधरी ने जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में ई-ऑफिस एवं ई-अटेंडेंस व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने इनके प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए तथा अधिकारियों को शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए आम नागरिकों को समय पर योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button