छत्तीसगढ़राज्य

अब गांव में ही मिलेगी बैंकिंग सुविधा, सुकमा के 39 अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों को माइक्रो एटीएम

Banking facilities will now be available right in the village; 39 Atal Digital Service Centers in Sukma to get micro-ATMs.

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील सोच के अनुरूप शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में सुकमा जिले में ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधा उनके गांव में ही उपलब्ध कराने की पहल की गई है। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन में जिले के 39 अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के ग्राम स्तरीय उद्यमियों को माइक्रो एटीएम उपलब्ध कराए गए हैं।
जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर ने शुक्रवार को ग्राम स्तरीय उद्यमियों को माइक्रो एटीएम वितरित किए। इस सुविधा के शुरू होने से अब ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं के लिए दूर स्थित बैंक शाखाओं तक जाने की जरूरत नहीं होगी।
माइक्रो एटीएम के माध्यम से किसान और ग्रामीण अपने गांव के अटल डिजिटल सुविधा केंद्र पर ही एटीएम कार्ड से आसानी से राशि निकाल सकेंगे। धान बिक्री से मिलने वाली राशि के साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं से प्राप्त होने वाली राशि की नगद निकासी भी गांव में ही की जा सकेगी।
इससे ग्रामीणों का समय और आने-जाने का खर्च बचेगा। खासकर दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी।
माइक्रो एटीएम की सुविधा से ग्रामीणों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए बैंक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। यह पहल गांवों में डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीणों को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने में भी मदद करेगी।
ऐसे हितग्राही, जिनका आधार आधारित भुगतान सिस्टम सक्रिय नहीं है, वे भी माइक्रो एटीएम के माध्यम से आवश्यक राशि निकाल सकेंगे। इससे बैंकिंग सेवाओं की पहुंच अधिक लोगों तक सुनिश्चित होगी।
जिला प्रशासन की यह पहल शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को अब अपने गांव में ही बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं का लाभ मिलेगा। इससे सुकमा के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल वित्तीय सेवाओं का विस्तार होगा।
इस अवसर पर आयोजित कार्यशाला में डीडीपी पंचायत शंकर बघेल, सीएससी राज्य कार्यालय रायपुर के सीनियर मैनेजर नीरज हरदेव और सीएससी जिला प्रबंधक शेख शाहरुख उपस्थित रहे। कार्यशाला में ग्राम स्तरीय उद्यमियों को माइक्रो एटीएम के संचालन और ग्रामीणों को बेहतर बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल के अनुरूप सुकमा में शुरू की गई यह सुविधा ग्रामीणों के लिए ‘बैंक की सुविधा अब गांव में’ की दिशा में एक सार्थक कदम है। इससे शासन की योजनाओं का लाभ लेने वाले किसानों, महिलाओं, श्रमिकों और अन्य हितग्राहियों को अपने ही गांव में सरल, सहज और सुविधाजनक वित्तीय सेवाएं मिल सकेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button