छत्तीसगढ़राज्य

महतारी वंदन से बदली सोच: बेटी के भविष्य के लिए हर महीने कर रहीं निवेश

'Mahtari Vandan' shifts mindset: Investing monthly for the daughter's future.

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उनके परिवार के भविष्य को भी नई दिशा दे रही है। मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्राम चकदा की रहने वाली केशमती बैगा इसकी प्रेरक मिसाल बनकर उभरी हैं। मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाली केशमती महतारी वंदन योजना से प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि को खर्च करने के बजाय अपनी बेटी के उज्ज्वल भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में नियमित रूप से जमा कर रही हैं।
आर्थिक रूप से सीमित संसाधनों के बावजूद केशमती ने यह साबित किया है कि छोटी-छोटी बचत भी भविष्य की बड़ी सुरक्षा बन सकती है। उनका मानना है कि आज की यह नियमित बचत आगे चलकर बेटी की शिक्षा, उच्च अध्ययन और अन्य आवश्यकताओं में मजबूत सहारा बनेगी। महतारी वंदन योजना ने उन्हें न केवल आर्थिक संबल दिया है, बल्कि भविष्य के लिए योजनाबद्ध बचत करने का आत्मविश्वास भी प्रदान किया है।
केशमती कहती हैं कि पहले नियमित बचत करना मुश्किल लगता था, लेकिन अब हर महीने मिलने वाली राशि से बेटी के नाम निवेश करना आसान हो गया है। उनके लिए यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बेटी के सपनों को साकार करने का माध्यम बन गई है।
केशमती बैगा ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने वाली इस जनकल्याणकारी योजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की यह पहल हजारों माताओं के मन में अपने बच्चों के सुनहरे भविष्य के प्रति नया विश्वास जगा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button