छत्तीसगढ़राज्य

स्वच्छता पखवाड़ा में गूंजा स्वच्छता का संदेश, विद्यालयों में मनाया गया हाथ धुलाई दिवस

Message of cleanliness resonates during 'Swachhata Pakhwada'; Handwashing Day observed in schools.

रायपुर: स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत सूरजपुर जिले शासकीय विद्यालयों में हाथ धुलाई दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को हाथों की नियमित सफाई, व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, स्वच्छ शौचालय और स्वच्छ विद्यालय परिसर के महत्व की जानकारी दी गई। बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ स्वच्छता को अपने दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इसी क्रम में शासकीय माध्यमिक शाला पतरापाली में प्रार्थना सभा के दौरान हाथ धुलाई दिवस का आयोजन किया गया। शिक्षिका ने विद्यार्थियों को साबुन से हाथ धोने की सही विधि का प्रदर्शन कराते हुए हाथ धुलाई के विभिन्न चरणों का अभ्यास कराया। विद्यार्थियों को भोजन से पहले और बाद में, शौचालय के उपयोग के पश्चात तथा गंदगी के संपर्क में आने पर साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जलजनित बीमारियों से बचाव, सुरक्षित पेयजल के उपयोग, स्वच्छ शौचालय तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के संबंध में भी जानकारी दी गई। शिक्षकों ने समझाया कि साबुन से नियमित रूप से हाथ धोने की आदत संक्रमण और कई बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
हाथ धुलाई दिवस के दौरान विद्यार्थियों को जल संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया गया। बच्चों को बताया गया कि हाथ धोते समय नल को अनावश्यक रूप से खुला नहीं छोड़ना चाहिए और आवश्यकता के अनुसार ही पानी का उपयोग करना चाहिए। विद्यार्थियों को पानी की प्रत्येक बूंद के महत्व को समझाते हुए घर और विद्यालय दोनों स्थानों पर जल संरक्षण की आदत अपनाने का संदेश दिया गया।
शिक्षकों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन या अभियान तक सीमित रहने वाली गतिविधि नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक दैनिक आदत है। विद्यार्थियों को नियमित हाथ धुलाई, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ विद्यालय परिसर और जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने स्वच्छता, नियमित हाथ धुलाई, स्वच्छ वातावरण और जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रधानपाठक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button