छत्तीसगढ़राज्य

सेवा की कहानी : मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना का सफलतम एक वर्ष पूर्ण होने पर विशेष

रायपुर: मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत बस्तर संभाग के कोंडागांव जिले के अंदरुनी ग्रामीण क्षेत्रों को सुगम एवं नियमित परिवहन सुविधा से जोड़ने के उद्देश्य से कुल 09 बसों का संचालन किया जा रहा है। इन बसों के माध्यम से जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों के 121 गांवों को परिवहन सुविधा का लाभ मिल रहा है। बस सेवाओं के नियमित संचालन से दूरस्थ अंचल के ग्रामीणों को साप्ताहिक बाजार, शासकीय कार्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों, शिक्षण संस्थानों, ब्लॉक व जिला मुख्यालयों सहित अन्य आवश्यक सेवाओं तक आवागमन में सुविधा मिल रही है।

जिले के इरागाँव निवासी धनसू राम सेठिया ने मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत शुरू हुई बस सेवा पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पहले गांव में नियमित रूप से परिवहन (बस) सेवा उपलब्ध नहीं थी, जिससे आने-जाने में काफी परेशानी होती थी। अब बसों के संचालन से आवागमन आसान हो गया है, साथ ही समय, श्रम और राशि की भी बचत हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि साप्ताहिक बाजार सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने में राहत भरी सुविधा मिल रही है।

गांव से कॉलेज जाने वाली नियमित छात्राओं को भी बस सेवा का सीधा लाभ मिल रहा है। नियमित बस सुविधा उपलब्ध होने से छात्राओं के लिए गांव से केशकाल स्थित कॉलेज तक आवागमन बेहद आसान हुआ है। पहले परिवहन की सुविधा सीमित होने के कारण उन्हें कॉलेज आने-जाने में परेशानी होती थी। छात्राओं ने बताया कि कभी कभार अनजान लोगों से भी लिफ्ट लेकर जाना पड़ता था, लेकिन अब नियमित रूप से बस चलने से उनकी पढ़ाई सतत् जारी रखने में सुविधा मिल रही है।

इसी तरह बस संचालक इंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत संचालित बसों से आम जनता को काफी लाभ मिल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों में बस सेवा को लेकर खुशी है, क्योंकि अब बस उनके गांव तक पहुंच रही है और उन्हें नियमित आवागमन की सुविधा मिल रही है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की विशेष पहल पर बस्तर और सरगुजा संभाग में उक्त योजना के अंतर्गत बसें किफायती दर पर संचालित की जा रही हैं, जिसका प्रत्यक्ष लाभ स्थानीय ग्रामीणों और मुसाफिरों को मिल रहा है। कोण्डागांव जिले में जिला मुख्यालय से मर्दापाल मार्ग पर 22 गांव, बहीगांव से विश्रामपुरी मार्ग पर 12 गांव, कोण्डागांव से कमेला मार्ग पर 06 गांव, छतोडी से कोण्डागांव मार्ग पर 17 गांव लाभान्वित हो रहे हैं। इसी प्रकार कोनगुड़ से फरसगांव मार्ग पर 11 गांव, भैंसाबेड़ा से केशकाल मार्ग पर 18 गांव, कनकपुर से कोण्डागांव मार्ग पर 10 गांव, छतोडी से जगदलपुर मार्ग पर 17 गांव और माकड़ी से फरसगांव मार्ग पर 08 गांव के ग्रामीणों को नियमित आवागमन की सुविधा मिल रही है।

आज से ठीक एक साल पहले 04 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना शुरू की गई थी। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन की पहुंच बढ़ने से विद्यार्थियों, किसानों, श्रमिकों, महिलाओं एवं आम नागरिकों को अपने दैनिक कार्यों के लिए आवागमन में सुविधा प्राप्त हो रही है। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों को नियमित बस सेवा से जोड़ने से स्थानीय स्तर पर बाजार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच भी सुगम और समयबद्ध हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button