छत्तीसगढ़देशविदेश

‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च के मद्देनजर मध्य दिल्ली में प्रभावित हो सकता है यातायात

Traffic in central Delhi may be affected in view of the ‘Lehra Do Tiranga’ (Hoist the Tricolour) march.

नई दिल्ली। कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) की ओर से शुक्रवार शाम को ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च के आह्वान के मद्देनजर दिल्ली यातायात पुलिस ने अपराह्न तीन बजे से मध्य दिल्ली की कई सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई है।
दिल्ली यातायात पुलिस की ओर से जारी परामर्श के अनुसार, यातायात की स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर मार्गों में बदलाव किया जा सकता है। परामर्श में कहा गया है कि संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शहीद भगत सिंह मार्ग, पंचकुइयां रोड, बसंत लेन, चेल्म्सफोर्ड रोड, मिंटो रोड, बाराखंभा रोड, कस्तूरबा गांधी मार्ग, तिलक मार्ग और सिकंदरा रोड पर यातायात प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा जनपथ, रेल भवन, रफी मार्ग, सी-हेक्सागन, मंडी हाउस, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, गोल डाकखाना, अशोक रोड (जीपीओ से सी-हेक्सागन तक) और टॉलस्टॉय मार्ग पर भी यातायात प्रभावित होने की आशंका है।

यातायात पुलिस ने लोगों को घर से निकलने के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी है। साथ ही, जहां तक संभव हो, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने और मौके पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है। परामर्श में लोगों से सड़क किनारे वाहन खड़े नहीं करने और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की अपील भी की गई है।
कॉकरोच जनता पार्टी ने कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च का आह्वान किया है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने पत्र लिखकर सूचित किया है कि कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा।

पुलिस के अनुसार, एनडीएमसी ने पार्क की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी व्यक्ति को वहां अनधिकृत रूप से प्रवेश करने से रोकने का अनुरोध भी किया है। पुलिस ने कहा कि मौजूदा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्रों में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा लोगों की जान और सरकारी एवं निजी संपत्तियों की सुरक्षा के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा पहले से लागू है।
दिल्ली पुलिस ने लोगों से मार्च से दूर रहने की अपील की है। हालांकि, पुलिस ने कहा कि वह लोगों के एक सीमित समूह को किसी उपयुक्त स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने की सुविधा दे सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button