छत्तीसगढ़राज्य

नौकरी छोड़ने की बात पर रेस्टोरेंट-मालिक ने कर्मचारी को पीटा:रायपुर में MPs किचन के मालिक और मैनेजर के खिलाफ FIR दर्ज

रायपुर: राजधानी रायपुर में नौकरी छोड़ने की बात कहने पर रेस्टोरेंट कर्मचारी से मारपीट की गई। कर्मचारी का आरोप है कि उसने मालिक से कैश का हिसाब करने को कहा था। साथ ही बताया था कि वह अगले दिन से ड्यूटी पर नहीं आएगा।
इस बात से नाराज मालिक ने मैनेजर के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। मारपीट में कर्मचारी के गाल, गले और पीठ पर चोटें आई हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र के MPs किचन का है।

रात 1:40 बजे कैश के हिसाब पर विवाद

शिकायत के मुताबिक, कर्मचारी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के बारा थाना क्षेत्र के बवंधर गांव का रहने वाला है। वह बीएससी कर चुका है और रायपुर के गुलाटी बाय एमपीएस किचन रेस्टोरेंट में कैशियर के पद पर काम करता है।
घटना 18 अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब 1:40 बजे की है। रेस्टोरेंट बंद होने के दौरान कर्मचारी ने मालिक विशाल गुलाटी से कैश का हिसाब करने को कहा। उसने यह भी बताया कि वह अगले दिन से ड्यूटी पर नहीं आएगा।
आरोप है कि इस बात पर मालिक नाराज हो गया। उसने मैनेजर पारस टंडन को बुलाया और कर्मचारी को ऑफिस में ले जाने के लिए कहा।

गाली देने से मना किया तो पीटने का आरोप

कर्मचारी के मुताबिक, ऑफिस में मालिक विशाल गुलाटी ने बिना हिसाब किए नौकरी छोड़ने की बात कहकर उसे अश्लील गालियां दीं। कर्मचारी ने जब गाली देने से मना किया तो विशाल गुलाटी और मैनेजर पारस टंडन ने कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से पीटा।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट में उसके गाल, गले और पीठ पर चोटें आई हैं। घटना के दौरान रेस्टोरेंट में काम करने वाले हरिश और बिट्टू भी मौजूद थे। कर्मचारी ने पुलिस से दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी।

 

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button