छत्तीसगढ़राज्य

कोरबा में ₹91.21 लाख के छह विकास कार्यों का भूमिपूजन, सड़क-नाली सुविधाओं का होगा विस्तार

कोरबा: नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर संजू देवी राजपूत ने शुक्रवार को नगर पालिक निगम कोरबा के पंडित रविशंकर शुक्ल नगर जोन अंतर्गत एसबीएस कॉलोनी और गायत्री नगर में ₹91.21 लाख की लागत के छह विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों के पूरा होने पर क्षेत्र में सड़क और नाली जैसी मूलभूत सुविधाएं बेहतर होंगी तथा नागरिकों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बड़ी विकास परियोजनाओं के साथ वार्डों और मोहल्लों की छोटी-बड़ी जरूरतों को भी प्राथमिकता दे रही है। जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को स्वीकृति देकर धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में आंतरिक सड़कों के बेहतर निर्माण और जल निकासी के लिए व्यवस्थित नालियों की सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे आवागमन सुगम होगा और जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।
महापौरसंजू देवी राजपूत ने कहा कि मंत्री देवांगन के प्रयासों से राज्य शासन के विभिन्न मदों और जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) से कोरबा नगर में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। नगर निगम के सभी 67 वार्डों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड की मूलभूत समस्याओं का निराकरण कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना नगर निगम का लक्ष्य है।
भूमिपूजन के तहत वार्ड क्रमांक 27, महाराणा प्रताप नगर में शिव मंदिर के सामने ₹8.45 लाख की लागत से सीसी रोड बनेगी। वार्ड क्रमांक 28 में सामुदायिक भवन ‘अपना घर’ के पीछे ₹7.80 लाख की लागत से नाली निर्माण एवं पेवर ब्लॉक का कार्य और कैरियर पब्लिक स्कूल के पास ₹16.50 लाख की लागत से सड़क निर्माण किया जाएगा। वार्ड क्रमांक 30, गायत्री नगर में उमा के घर से जीवन यादव के घर तक तथा लाल के घर से संतोषी साहू के घर तक विभिन्न स्थानों पर ₹23.46 लाख की लागत से नालियां बनाई जाएंगी।
इसी तरह वार्ड क्रमांक 28 के एसईसीएल क्रमांक-1 अंतर्गत कुआंभट्टा बस्ती में मेहंदीपुर बालाजी हनुमान मंदिर के पास ₹15 लाख की लागत से नाली निर्माण होगा। वार्ड क्रमांक 29 में संतोषी कुटी सहित अन्य स्थानों पर कांक्रीटीकरण, वेद जायसवाल के घर से उमेश साहू के घर तक सीसी रोड निर्माण तथा नालियों पर कवर लगाने का कार्य ₹20 लाख की लागत से किया जाएगा। इन छह कार्यों की कुल स्वीकृत राशि ₹91.21 लाख है।
नगर में विकास कार्यों की निरंतरता के तहत शनिवार को उद्योग मंत्री देवांगन के मुख्य आतिथ्य में दो स्थानों पर भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित होंगे। पंडित रविशंकर शुक्ल नगर जोन में विजय अपार्टमेंट के पास दोपहर 3 बजे ₹75.20 लाख की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। इसके बाद कोसाबाड़ी जोन के दादर चौक सामुदायिक भवन के पास शाम 4 बजे ₹98.15 लाख के विकास कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी। दोनों स्थानों पर कुल ₹1 करोड़ 73 लाख 35 हजार के कार्य प्रस्तावित हैं।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, पार्षद धनकुमारी गर्ग, वर्षा वैष्णव, सिमरन कौर, मुकुंद कंवर, नारायण कुर्रे, एल्डरमैन वैशाली रत्नपारखी, राजेश राठौर, प्रफुल्ल तिवारी, रुक्मणी नायर, दिनेश वैष्णव, सुशील गर्ग, स्मिता सिंह, आरडी भारद्वाज, राजकुमारी पटेल, एल्डरमैन दीपक पटेल, राम अवतार पटेल, भुवनेश्वर कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button