छत्तीसगढ़राज्य

स्कूली छात्रों पर मधुमक्खियों का हमला, दर्जनों बच्चे घायल, अस्पताल में भर्ती

Bees attack school students; dozens of children injured and hospitalized

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के चरचा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मधुमक्खियों के झुंड ने स्कूल के दर्जनों छात्र-छात्राओं पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में कई बच्चे घायल हो गए। बताया जा रहा है कि स्कूल के मुख्य गेट के सामने स्थित पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता लगा हुआ है, जहां से निकली मधुमक्खियों ने बच्चों पर हमला कर दिया।

हैरानी की बात यह है कि इससे पहले भी मधुमक्खियों के हमले में स्कूल के बच्चे घायल हो चुके हैं। इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने का आरोप अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर लगाया है।

घायल बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंचे अभिभावक
घटना के बाद घायल बच्चों के अभिभावक उन्हें जिला अस्पताल बैकुंठपुर सहित विभिन्न अस्पतालों में इलाज के लिए लेकर पहुंचे। फिलहाल सभी बच्चों का उपचार जारी है। अस्पताल अधीक्षक आयुष जैसवाल ने बताया कि बच्चों की स्थिति सामान्य है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद अपर कलेक्टर डी.डी. मंडावी और एसडीएम दीपिका नेताम जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल बच्चों का हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

स्कूल प्रबंधन पर आरोप
वहीं अभिभावकों का आरोप है कि घटना के बाद स्कूल का कोई भी स्टाफ घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाने के लिए आगे नहीं आया। ऐसे में अभिभावकों को ही अपने बच्चों को लेकर अस्पताल जाना पड़ा। इस बात से नाराज अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button