
धमतरी : छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच अवैध धान की आवक और भंडारण रोकने के लिए धमतरी जिला प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। जिले में अब तक 32 प्रकरण दर्ज करते हुए 1,441.05 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है। वहीं, दूसरे राज्यों से धान लाकर सरकारी खरीदी केंद्रों में खपाने की कोशिशों पर अंकुश लगाने के लिए ओडिशा सीमा से जुड़े छह स्थानों पर चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं, जहां चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है।
धान खरीदी व्यवस्था में किसी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों, गोदामों और संदिग्ध भंडारण केंद्रों की जांच बढ़ा दी है। नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ मंडी अधिनियम, 1972 के तहत कार्रवाई की जा रही है। ओडिशा सीमा पर छह स्थानों पर कड़ा पहरा बाहरी राज्यों से अवैध तरीके से धान की आवक रोकने के लिए प्रशासन ने सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा और जांच व्यवस्था मजबूत की है। ओडिशा से सटे बोराई (घुटकेल), बांसपानी, बनरौद, सांकरा, जैतपुरी और मोहेरा में छह जांच चौकियां बनाई गई हैं। इन स्थानों पर नगर सैनिकों के अलावा वन, मंडी और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। धान लेकर आने-जाने वाले वाहनों पर लगातार नजर रखी जा रही है। संदेह होने पर वाहनों के परिवहन संबंधी दस्तावेजों और अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की जा रही है।




