
रायपुर। नवा रायपुर इलाके में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर डिवाइडर में जा घुसी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार टक्कर के बाद हवा में उछलकर डिवाइडर के ऊपर ही फंस गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार में सवार युवक तेज रफ्तार से वाहन चला रहे थे। अचानक संतुलन बिगड़ने से कार सीधे डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। युवक कार छोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर राहगीर जुट गए। कुछ राहगीरों ने युवकों का और कार का वीडियो बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हादसे की जानकारी पुलिस को नहीं है। पुलिस अधिकारी नया रायपुर में गाड़ी पलटने की सूचना नहीं आने की बात कर रहे है। उन्होंने जांच करने की बात कही है।
स्कोडा गाड़ी में सवार थे युवक
वायरल वीडियो के अनुसार युवक स्कोडा गाड़ी में सवार थे। जिसका नंबर सीजी 04 एचवाई 8721 बताया गया है। वायरल वीडियो में पांच से ज्यादा युवक दिख रहे है। ये युवक गाड़ी छोड़कर जाने की बात बोल रहे है।




