
रायगढ़। ट्रेलर चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी सवार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पोती की मौत हो गई तो दादा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के उर्दना स्थिति कृष्णापुर निवासी पितरुस तिर्की (50) अपनी पोती ममता तिर्की (14) के साथ रविवार को स्कूटी में सवार होकर भगवानपुर स्थिति सोसायटी में चावल लेकर वापस घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे सीएमएचओ तिराहे पर पहुंचे थे कि पीछे से आ रहे ट्रेलर चालक ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे से ममता तिर्की पहिया के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि ममता स्कूटी से गिरकर सीधे ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पितरूस तिर्की गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और चक्काजाम जैसे हालात बन गए। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। बाद में आरोपी चालक को पूंजीपथरा रोड पर पकड़ लिया गया। पुलिस ने मृतका के परिजनों को तत्काल सहायता राशि दी है। मामले में आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।



