छत्तीसगढ़राज्य

अफवाहों पर न जाएं! पेट्रोल-डीजल और LPG की छत्तीसगढ़ में कोई कमी नहीं… सरकार ने किया स्पष्ट

Do not pay heed to rumors There is no shortage of petrol diesel or LPG in Chhattisgarh Government clarifies

रायपुर। पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के बीच छत्तीसगढ़ में पेट्रोलियम उत्पादों, रसोई गैस और कृषि उर्वरकों की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु बनी हुई है। राज्य सरकार और तेल कंपनियों ने संयुक्त रूप से स्पष्ट किया है कि प्रदेश में किसी प्रकार की कमी या बाधा की स्थिति नहीं है और मांग के अनुरूप निरंतर वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
राजधानी रायपुर में आयोजित पत्रकारवार्ता में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक (मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़) अजय कुमार श्रीवास्तव, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की संचालक डॉ. फरीहा आलम सिद्दीकी तथा कृषि विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार ने संयुक्त रूप से स्थिति स्पष्ट की।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य का आपूर्ति तंत्र पूरी तरह सक्रिय है और किसी भी संभावित संकट से निपटने के लिए पर्याप्त भंडारण और वितरण व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की गई है।
रोजाना 72 हजार LPG सिलेंडरों की आपूर्ति
प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 72 हजार एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है, जो सामान्य खपत के अनुरूप है। अधिकारियों के मुताबिक, घरेलू उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की उपलब्धता में कोई समस्या नहीं आ रही है और वितरण प्रणाली नियमित रूप से कार्य कर रही है।
किसानों के लिए उर्वरक उपलब्ध, घबराने की जरूरत नहीं
कृषि विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार ने कहा कि किसानों के लिए खाद-बीज सहित सभी आवश्यक कृषि आदानों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। आने वाले कृषि सीजन को ध्यान में रखते हुए पहले से ही भंडारण और सप्लाई की व्यवस्था मजबूत की गई है।
अफवाहों से बचने और जमाखोरी न करने की अपील
अधिकारियों ने आम नागरिकों और किसानों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यक वस्तुओं का अनावश्यक भंडारण न करें। उन्होंने कहा कि घबराहट में की गई खरीदारी से कृत्रिम कमी की स्थिति बन सकती है, जबकि वास्तविकता में आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई
प्रशासन और तेल कंपनियां कालाबाजारी और जमाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई कर रही हैं। राज्यभर में अब तक 419 छापेमारी की गई है, 105 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और 3946 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
पेट्रोल-डीजल की स्थिति भी सामान्य
राज्य में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता भी पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति श्रृंखला में किसी प्रकार की बाधा नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button