छत्तीसगढ़राज्य

अब समाधान में नहीं लग रहा इंतजार, सुशासन तिहार बना भरोसेमंद मंच

No More Waiting for Solutions; 'Sushasan Tihar' Has Emerged as a Trustworthy Platform.

रायपुर, 16 मई 2026 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जिले में ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज जांजगीर-चांपा जिले के नगर पालिका चांपा के वार्ड क्रमांक 20 स्थित छत्रपति शिवाजी खेल सभागृह (इंडोर हॉल) तथा जनपद पंचायत बलौदा के ग्राम पंचायत जर्वे-च के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चाबी, राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, आधार अभिलेख, श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, किसान किताब, मछुआरों को जाल तथा अन्य आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया गया। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण के लिए ऋण स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत सामग्री एवं चेक वितरित किए गए।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन एवं गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किया गया। साथ ही विशेष स्वास्थ्य शिविर में ईसीजी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
ग्राम पंचायत जर्वे-च में आयोजित शिविर में कुल 903 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 856 मांग एवं 47 शिकायतें शामिल हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य उमा राजेंद्र राठौर, जनपद पंचायत अध्यक्ष शारदा देवांगन, अमर सुल्तानिया, इंजी. रवि पांडेय, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी और लाभ एक ही मंच पर उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही इस अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने महिलाओं से शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि गांव-गांव पहुंचकर समस्याओं का मौके पर समाधान करना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा की जा रही है और उनका निराकरण निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से महतारी वंदन योजना के लिए ई-केवाईसी कराने तथा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने की अपील की।
शिविर में मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता और तकनीकी नवाचार को प्रदर्शित करते हुए सभी ग्राम पंचायतों के क्यूआर कोड लगाए गए थे। क्यूआर कोड स्कैन कर जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पंचायतों में संचालित कार्यों और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। शिविर में बनाया गया सेल्फी पॉइंट भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।
सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत 19 मई को नगर पंचायत शिवरीनारायण के सत्संग भवन तथा जनपद पंचायत बम्हनीडीह के ग्राम पंचायत बंसुला के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रस्तुत करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button