छत्तीसगढ़राज्य

कथित नकल मामले पर कसडोल में ABVP का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग

ABVP Stages Protest in Kasdol Over Alleged Cheating Scandal; Demands Impartial Inquiry

कसडोल, 23 मई 2026। कसडोल स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में ओपन बोर्ड परीक्षा के दौरान कथित रूप से शिक्षकों के संरक्षण में 10वीं कक्षा की एक छात्रा द्वारा खुलेआम नकल किए जाने और उसका वीडियो वायरल होने के बाद विरोध तेज हो गया है। मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की कसडोल इकाई ने शुक्रवार को उग्र प्रदर्शन करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

45 डिग्री तापमान में दो घंटे तक प्रदर्शन

भीषण गर्मी और लगभग 45 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा व्यवस्था की निष्पक्षता और शुचिता पर सवाल उठाते हुए कथित रूप से जिम्मेदार शिक्षकों एवं केंद्र प्रभारी के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।

BEO के आश्वासन के बाद सौंपा ज्ञापन

प्रदर्शन के दौरान बढ़ते आक्रोश को देखते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने हस्तक्षेप किया। परिषद पदाधिकारियों के अनुसार, मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त किया गया। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के नाम ज्ञापन BEO को सौंपा गया।

“विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं”

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे एबीवीपी के जिला संयोजक मलय साहू ने कहा कि प्रतिष्ठित विद्यालय में परीक्षा के दौरान कथित रूप से शिक्षकों के संरक्षण में नकल होना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि इससे मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है। मलय साहू ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो परिषद जिला स्तरीय आंदोलन करेगी।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला संयोजक मलय साहू, एस.के. चिलक, प्रभात तिलक, गौतम साहू, मयंक साहू, अमित केसरी, नंदन निर्मलकर, प्रमोद साहू, अनुज, आकाश, जयंत, उज्जवल दीवान, निखिल साहू, नवीन साहू, सुधांशु साहू, हिमांशु सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और छात्र उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button