छत्तीसगढ़राज्य

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘हम होंगे कामयाब 2.0’ वेब पोर्टल किया लांच

Chief Minister Vishnu Deo Sai Launches ‘Hum Honge Kamyab 2.0’ Web Portal

रायपुर, 24 मई 2026 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुशासन तिहार अंतर्गत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के विकासखंड भाटापारा अंतर्गत ग्राम करहीबाजार में आयोजित शिविर में स्टॉल अवलोकन के दौरान जिला प्रशासन द्वारा विकसित ‘हम होंगे कामयाब 2.0’ वेब पोर्टल को लांच किया। इस वेब पोर्टल पर युवाओं को नियोक्ता, रिक्तियां, प्रशिक्षण की जानकारी सहित कैरियर मार्गदर्शन भी मिलेगा। युवा अपनी योग्यता और रूचि के अनुरूप प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार या स्वरोजगार से जुड़ सकते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने इस वेब पोर्टल की सराहना करते हुए इसे जिला प्रशासन की अनुकरणीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार युवाओ को हुनरमंद बनाकर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने कौशल विकास को प्राथमिकता दे रही है। अनेक योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं जिसमें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना प्रमुख हैं। मुख्यमंत्री ने ‘हम होंगे कामयाब वेब पोर्टल’ पर पंजीयन कर प्रशासन की इस पहल का लाभ उठाने युवाओं को प्रोत्साहित भी किया।
‘हम होंगे कामयाब 2.0’ युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, करियर मार्गदर्शन और रोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के लिए तैयार किया गया एक वेब पोर्टल है। वर्तमान में पोर्टल में अब तक कुल पंजीकृत युवा 468, रिक्तियां 513 एवं 21 ट्रैड उपलब्ध है।
पोर्टल में नियोक्ता, उपलब्ध रिक्तियां, कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं विद्यार्थी एक ही पोर्टल पर पंजीकृत होंगे। नियोक्ता में सीमेंट प्लांट से 75, रोजगार कार्यालय से 286, जिसमें राज्य के बाहर स्थित संस्थानों के 150 रिक्तियां सम्मिलित है। अपनी योग्यता और रूचि के अनुरूप युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार या स्वरोजगार से जुड़ सकते हैं। इस पोर्टल नियोक्ता (कंपनी) भी अपनी रिक्तियों के लिए इच्छुक और योग्य युवाओं से प्रत्यक्ष संपर्क कर सकते है।
हम होंगे कामयाब 2.0 के माध्यम से युवा करियर मार्गदर्शन, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार सह रिक्तियों की जानकारी, स्वरोजगार हेतु विशेष मार्गदर्शन व सहायता, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग की उपलब्धता जानकारी हासिल कर सकते हैं। इस पोर्टल की मदद से एक क्लिक से रोजगार भी संभव है।
इस वेब पोर्टल में 8वीं पास से लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त युवाओं को उनकी योग्यता अनुसार जॉब की जानकारी, सीधा आवेदन बिना किसी एजेंट और बिना किसी कागजी कार्यवाही के सीधे एक क्लिक में उपलब्ध है। युवाओं के भविष्य को सही दिशा देने के लिए अनुभवी विशेषज्ञों द्वारा करियर मार्गदर्शन पूरी तरह निःशुल्क है।
इस पोर्टल पर युवाओं को रोजगार के संबंध में साइबर फ़्रॉड और धोखाधड़ी से सुरक्षित रखने हेतु शासकीय विभागों व औद्योगिक संस्थानो को एक ही मंच में जोड़ा गया है।
इस अवसर पर इस दौरान राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा, डीएफओ गणवीर धम्मशील सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button