छत्तीसगढ़राज्य

इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में सुबह-सुबह पुलिस का सर्च ऑपरेशन

Police Search Operation in Indraprastha Colony Early This Morning

रायपुर। रायपुर के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में शुक्रवार तड़के पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया। EWS और LIG क्वार्टर में 80 पुलिस जवानों की टीम ने घर-घर जाकर जांच की। इस दौरान एक चोरी की बाइक बरामद हुई, जबकि 25 संदिग्ध बाइकों के नंबर नोट कर उनके सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की गई है।
डीसीपी पश्चिम जोन संदीप पटेल और अतिरिक्त डीसीपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर की अगुवाई में थाना डीडी नगर, पुरानी बस्ती और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। पुलिस का उद्देश्य कानून व्यवस्था बनाए रखना, असामाजिक तत्वों पर नजर रखना और लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
138 मकानों की चेकिंग की गई
अभियान के दौरान कुल 138 मकानों की चेकिंग की गई। पुलिस ने एक बदमाश के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की। इसके अलावा क्षेत्र में रहने वाले किराएदारों और मकान मालिकों को किराएदार सत्यापन और किरायानामा से जुड़ी जरूरी जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने मकान मालिकों को स्पष्ट हिदायत दी कि वे अपने किराएदारों का पूरा विवरण संबंधित थाने में जमा करें। अधिकारियों का कहना है कि किराएदार सत्यापन नहीं होने से कई बार अपराधियों और संदिग्ध लोगों को छिपने का मौका मिल जाता है। इसलिए हर मकान मालिक के लिए किरायानामा और पहचान संबंधी जानकारी थाने में देना जरूरी है।
किराएदारों को भी कानून व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करने की समझाइश दी गई। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने को दें। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सामान्य बनी रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button