छत्तीसगढ़राज्य

बेहतर समन्वय और सहयोग से शहर के विकास व स्वच्छता के लिए करें कार्य : शंगीता आर.

Work towards the city's development and cleanliness through better coordination and cooperation: Sangita R.

रायपुर । नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव शंगीता आर. ने राजनांदगांव जिला मुख्यालय में शहरी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में कहा कि नगरीय प्रशासन को बेहतर बनाना और शासन की योजनाओं का बेहतरीन क्रियान्वयन कराना अधिकारियों के लिए चुनौतीपूर्ण है। नगरीय निकायों में अलग-अलग वार्डों के लिए नोडल अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि सभी नोडल अधिकारी समग्र दृष्टिकोण से अपने संबंधित वार्ड एवं क्षेत्रों के संबंध में पूरी जानकारी रखें एवं कार्यों की नियमित मानिटरिंग करें। नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक आर. एक्का और राजनांदगांव के कलेक्टर जितेन्द्र यादव भी बैठक में शामिल हुए।
शंगीता आर. ने बैठक में कहा कि सभी अधिकारी बजट का सदुपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर कार्यों को पूर्ण करें। उन्होंने राजनांदगांव नगर निगम तथा जिले के अन्य नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को सक्रियता, ऊर्जा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने बेहतर आपसी समन्वय और सहयोग से टीम वर्क के साथ शहर के विकास व स्वच्छता के लिए कार्य करने को कहा।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव ने बैठक में कहा कि बारिश के दिनों में ऐसे स्थान जहां जल भराव की स्थिति बन सकती है, उनका चिन्हांकन करते हुए बारिश के पहले सभी नालियों की साफ-सफाई कराएं। बरसात में पानी से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के कार्यों की समीक्षा करते हुए आवासों के आधिपत्य एवं हितग्राहियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण करने तथा उनकी जियो-टैंगिंग के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन आवासों के छत, प्लिंथ और फाउंडेशन के कार्य बारिश के पहले पूर्ण करने को कहा। उन्होंने मकान स्वीकृति के सत्यापन का कार्य भी शीघ्र करने को कहा।
सचिव शंगीता आर. ने शहरों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और अमृत मिशन 2.0 के कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली बिल के भुगतान एवं अन्य कार्यों के लिए नगराय निकायों में आय के स्रोत बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने संवेदनशीलता से सभी सफाई कर्मियों को समय पर वेतन देना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने नालंदा परिसर के निर्माण में गति लाने के भी निर्देश दिए। राजनांदगांव जिला पंचायत की सीईओ सुरूचि सिंह, राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) के सीईओ शशांक पाण्डेय, नगर निगम के आयुक्त अतुल विश्वकर्मा और नगरीय प्रशासन विभाग के दुर्ग क्षेत्रीय कार्यालय के संयुक्त संचालक जय प्रकाश साहू सहित राजनांदगांव जिले के विभिन्न नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, अभियंता एवं नोडल अधिकारी भी बैठक में उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button