छत्तीसगढ़राज्य

रायपुर कोर्ट में फर्जी वकील गिरफ्तार, आधार और आईडी कार्ड बरामद

Fake lawyer arrested at Raipur court; Aadhaar and ID cards recovered.

रायपुर। राजधानी रायपुर के जिला न्यायालय परिसर से एक कथित फर्जी वकील को गिरफ्तार किया गया है। जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं की सतर्कता के चलते आरोपी की पहचान उजागर हुई, जिसके बाद उसे सिविल लाइन थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
शुरुआती जांच में मामले से जुड़े कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 से 5 संदिग्ध आधार कार्ड सहित कई पहचान पत्र बरामद किए गए हैं। वहीं, इस मामले में किसी संगठित गिरोह के सक्रिय होने की आशंका भी जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी से जुड़े पांच अन्य सदस्य फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। मामले में पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
वकील बनकर लोगों से कर रहा था संपर्क
जानकारी के मुताबिक आरोपी कोर्ट परिसर में वकील बनकर आने-जाने वाले लोगों से संपर्क कर रहा था। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर अधिवक्ताओं ने उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान वह बार-बार अपनी पहचान बदलकर बताने लगा।
कभी उसने खुद को हरीश डहरिया बताया, तो कभी मनीष कुर्रे के नाम से परिचय देने की कोशिश की। उसके जवाबों में लगातार विरोधाभास मिलने पर अधिवक्ताओं का संदेह और गहरा गया, जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
तलाशी में मिले कई संदिग्ध पहचान पत्र
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 4 से 5 संदिग्ध आधार कार्ड समेत कई पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए। वहीं, अब पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद दस्तावेज असली हैं या फर्जी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था और इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
क्लाइंट के हंगामे से खुली फर्जीवाड़े की परत
बताया जा रहा है कि आरोपी किसी क्लाइंट का काम कराने के नाम पर कोर्ट परिसर पहुंचा था, जब संबंधित काम नहीं हो सका, तो क्लाइंट ने परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान अधिवक्ताओं की नजर आरोपी पर पड़ी। उसके व्यवहार और गतिविधियों पर संदेह होने पर वकीलों ने उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी के जवाब संदिग्ध पाए गए, जिसके बाद उसके कथित फर्जीवाड़े का खुलासा हो गया।
बार एसोसिएशन की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
बार एसोसिएशन की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में इस मामले में एक संगठित गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी से जुड़े पांच अन्य सदस्य फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी कब से कोर्ट परिसर में सक्रिय था और उसने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button