छत्तीसगढ़राज्य

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शाला प्रवेश उत्सव में बच्चों को तिलक लगाकर कराया शाला प्रवेश

Deputy Chief Minister Arun Saav welcomed children into the school by applying a *tilak* during the *Shala Pravesh Utsav* (school enrollment ceremony).

रायपुर: शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बच्चों में स्कूल के प्रति उत्साह जगाने के उद्देश्य से आज बेमेतरा जिले के बेरला में जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया। बेरला के मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर स्नेहपूर्वक शाला प्रवेश कराया। उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उप मुख्यमंत्री साव ने बच्चों को शाला प्रवेश कराकर उनका स्वागत किया। उन्होंने कक्षा पहली सहित विभिन्न कक्षाओं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के माथे पर तिलक लगाया और उन्हें पुस्तकें, स्टेशनरी व शाला गणवेश वितरित किया। उन्होंने इस दौरान बच्चों के साथ स्नेहपूर्वक फोटो भी खिंचवाई और उनसे बातचीत की।
साव ने शाला प्रवेशोत्सव में बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आप ही भावी भारत का भविष्य हैं। देश को आगे ले जाने की जिम्मेदारी आने वाले समय में आपके कंधों पर होगी। इसलिए मन लगाकर पढ़ाई करें।अनुशासन में रहें और बड़े सपने देखें। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। शाला प्रवेश उत्सव का मकसद यही है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं, स्मार्ट क्लास, मध्यान्ह भोजन और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं के माध्यम से बच्चों को बेहतर माहौल दिया जा रहा है। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि एक अच्छा शिक्षक ही अच्छे नागरिक गढ़ता है। साव ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में असफलता से हताश व निराश न होवें। जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित कर सफलता की ओर अग्रसर होवें।
उप मुख्यमंत्री साव ने 20 बालिकाओं को साइकिल प्रदाय किया। सरस्वती साइकिल योजना अंतर्गत साइकिल मिलने से बालिकाओं के चेहरे में मुस्कान देखेने को मिला। साईकिल मिलने से बेटियों को सुगमतापूर्वक शाला आने जाने की सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर जिले में बोर्ड परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही नवोदय विद्यालय में चयनित विद्यार्थियों को भी सम्मनित किया गया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने क्षेत्र में विकास की रेखा को अनवरत रखते हुए बड़ी सौगातें दी। उन्होंने यहां बेरला में गौरव पथ निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए, स्टेडियम निर्माण कार्य के लिए 50 लाख रुपए एवं शासकीय कन्या विद्यालय में बाउंड्रीवाल के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल बघेल ने भी नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बच्चें देश की भावी पीढ़ी है। जिस पर देश का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी होकर देश का नाम रोशन करने को कहा। पालकों एवं शिक्षकों को बच्चों को ज्ञानवान, ऊर्जावान बनाने में अपनी भूमिका निभाने को कहा।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि शिक्षा ही जीवन को बदलने का सबसे बड़ा माध्यम है। आप मन लगाकर पढ़ाई करें, अनुशासन में रहें और अपने माता-पिता व गुरुजनों का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं, स्मार्ट क्लास, छात्रवृत्ति और निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों के माध्यम से हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। सांसद ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित स्कूल भेजें। बेटा-बेटी में कोई भेद न करें और दोनों को समान अवसर दें। विधायक दीपेश साहू और ईश्वर साहू ने भी उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए विद्यार्थियों को संबोधित किया।
कार्यक्रम में रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू, शिक्षा विभाग के अधिकारी, स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में अभिभावक व विद्यार्थी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button