छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के लिए जावंगा में विद्यार्थियों ने जाना अंतरिक्ष विज्ञान का संसार

Students in Javanga explored the world of space science for National Space Day.

रायपुर : राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के लिए दंतेवाड़ा जिले के एजुकेशन सिटी जावंगा स्थित आस्था विद्या मंदिर इंग्लिश मीडियम स्कूल में जिला स्तरीय अंतरिक्ष आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान, अंतरिक्ष तकनीक और नवाचार के प्रति रुचि बढ़ाना था।
कार्यक्रम का आयोजन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के रीजनल रिमोट सेंसिंग सेंटर, नागपुर के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सीकॉस्ट), छत्तीसगढ़ रीजनल साइंस सेंटर, स्कूल शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन दंतेवाड़ा के संयुक्त सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में इसरो के वैज्ञानिक डॉ. आनंद अरूर ने भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम, उपग्रहों, रॉकेट प्रक्षेपण मिशनों और अंतरिक्ष विज्ञान की उपलब्धियों पर विद्यार्थियों को सरल और प्रेरक जानकारी दी। सीकॉस्ट के वैज्ञानिक डॉ. एम.के. बैग ने वैज्ञानिक सोच, नवाचार और तकनीक आधारित विकास के महत्व को समझाया।जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर और जिला मिशन समन्वयक हरीश प्रताप गौतम ने विद्यार्थियों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सैटेलाइट एवं रॉकेट मॉडल प्रदर्शनी, पोस्टर प्रदर्शनी, चित्रकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम गुज्जो रवीना,द्वितीय अमित कुंजाम और तृतीय स्थान इंद्रजीत चंदेल ने हासिल किया। इसी तरह प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम नैतिक सिंह,द्वितीय दीक्षा नेताम और तृतीय स्थान अमन प्रसाद भूआर्य ने हासिल किया। सभी विजेताओं को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में समन्वयक कमल कर्मकार, आस्था विद्या मंदिर के प्राचार्य रबीन्द्रनाथ पाणीग्राही, सह-समन्वयक वी.एस. ताती, कार्यक्रम प्रभारी अमुजुरी विश्वनाथ, जिले के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान और वैज्ञानिक अनुसंधान के प्रति नई उत्सुकता और प्रेरणा का संचार किया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button