चक्रधर समारोह में बिखरी कला की रंगत, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कलाकारों का बढ़ाया हौसला
Artistic flair dazzles at the Chakradhar Samaroh; Finance Minister O.P. Choudhary boosts the artists' morale.

रायपुर: अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह के चौथे दिन प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी समारोह में शामिल हुए। उन्होंने दर्शक दीर्घा में बैठकर विभिन्न कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और कलाकारों का सम्मान किया। समारोह में जाह्नवी बेहरा की ओडिसी प्रस्तुति, बेंगलुरु की शिवरंजनी हरीश तथा बस्तर एकेडमी ऑफ डांस, आर्ट्स एंड लिटरेचर के ‘बादल’ दल सहित अनेक कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि चक्रधर समारोह ने रायगढ़ की सीमाओं से आगे बढ़कर देश-प्रदेश और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। यह केवल सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय कला, परंपरा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन कला साधकों को मंच देने के साथ-साथ समाज में सांस्कृतिक चेतना को भी मजबूत करते हैं।
चौधरी ने रायगढ़ में कला के प्रति लोगों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि शहर के विभिन्न मोहल्लों में छोटे-छोटे स्थानों पर बड़ी संख्या में बच्चे कथक सहित अन्य शास्त्रीय कलाओं का प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होंने कला साधकों और गुरुओं के योगदान को नमन करते हुए कहा कि उनकी साधना से रायगढ़ की सांस्कृतिक पहचान निरंतर मजबूत हो रही है।
वित्त मंत्री चौधरी ने बस्तर से आए कलाकारों का विशेष रूप से अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि बस्तर की समृद्ध कला और संस्कृति को रायगढ़ के प्रतिष्ठित मंच पर प्रस्तुत किया जाना दोनों क्षेत्रों के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बस्तर से अपने पुराने जुड़ाव को भी साझा किया। इस अवसर पर चौधरी ने बस्तर के कलाकारों के लिए अपनी ओर से 51 हजार रुपये की अतिरिक्त सम्मान राशि देने की घोषणा की।
ओ.पी. चौधरी ने चक्रधर समारोह को सफल बनाने में योगदान देने वाले कलाकारों, गुरुओं, आयोजकों, प्रशासनिक अधिकारियों, सहयोगियों और कलाप्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से रायगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक ऊंचाई प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने रायगढ़ को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सकारात्मक सोच और सामूहिक सहभागिता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, गुरुपाल भल्ला सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में कलाप्रेमी उपस्थित रहे।




