छत्तीसगढ़राज्य

स्वच्छता पखवाड़ा के तहत सफाई कर्मियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

रायपुर: भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान ( ICAR-NIBSM ), रायपुर में स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत संस्थान में कार्यरत सफाई कर्मियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व को रेखांकित करना था।
शिविर के दौरान संस्थान के सभी सफाई कर्मियों की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की गई। इसमें रक्तचाप एवं रक्त शर्करा की जांच के साथ-साथ उनके सामान्य स्वास्थ्य, पूर्व से चली आ रही बीमारियों तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई। स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान करते हुए उन्हें रोगों की समय पर पहचान, नियमित जांच, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. पी. के. राय ने सफाई कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच अत्यंत महत्वपूर्ण है। समय-समय पर स्वास्थ्य की जांच से संभावित रोगों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान की जा सकती है तथा समय रहते उचित उपचार एवं सावधानियां अपनाकर गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव संभव है।
कार्यक्रम में निदेशालय के वैज्ञानिकों एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रियंका मीना, वैज्ञानिक द्वारा किया गया। शिविर के माध्यम से स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत स्वच्छता के साथ-साथ स्वास्थ्य सुरक्षा और स्वस्थ कार्यस्थल के महत्व का संदेश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button