छत्तीसगढ़राज्य

चिखली स्कूल में हुआ सेवा सेतु शिविर का आयोजन

Seva Setu camp organized at Chikhli School.

राजनांदगांव। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा सेतु अभियान -सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत नगर निगम क्षेत्र में वार्डवार मेगा कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राजनांदगांव के चिखली स्कूल में वार्ड क्रमांक 1 से 13 तक के नागरिकों के लिए पहला सेवा सेतु शिविर आयोजित हुआ। महापौर मधुसूदन यादव ने नागरिकों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। महापौर यादव ने अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वृद्धजनों का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि बड़े-बुजुर्ग परिवार की नींव होते हैं और उनका सम्मान हमारी जिम्मेदारी है। सेवा सेतु शिविर के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। महापौर यादव ने निगम आयुक्त जीआर मरकाम तथा निगम पदाधिकारियों के साथ शिविर का निरीक्षण किया और नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 21 मांग एवं 12 शिकायत सहित कुल 33 आवेदन प्राप्त हुए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपस्थित वृद्धजनों एवं वार्डवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।

निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने बताया कि 1 से 14 अक्टूबर तक चार चरणों में आयोजित होने वाले इन शिविरों में नागरिकों से विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन लिए जा रहे हैं। प्राप्त आवेदनों की विभागवार परीक्षण कर प्राथमिकता निर्धारित करते हुए निराकरण किया जाएगा। 5 अक्टूबर को निगम कार्यालय परिसर में वार्ड क्रमांक 14 से 28 तक के नागरिकों के लिए सेवा सेतु शिविर आयोजित होगा। शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ नागरिकों की मांगों एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन भी लिए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button