छत्तीसगढ़राज्य

मंत्री दयालदास बघेल ने किया पौधरोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश – ’पर्यावरण के बिना जीवन संभव नहीं’

रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा, संकल्प और कृतित्व की भावना को आत्मसात करते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल ने आज बेमेतरा जिले के नवागढ़ विकासखंड के ग्राम संबलपुर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जीवन पर्यावरण के संवर्धन के बिना संभव नहीं है, इसलिए हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह पर्यावरण की रक्षा में अपना योगदान दे।

ग्राम संबलपुर में आयोजित भव्य पौधरोपण कार्यक्रम में हजारों पौधे रोपे गए। मंत्री बघेल ने स्वयं अपने हाथों से पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने भी उत्साह के साथ पौधरोपण किया। पूरा परिसर ’’पेड़ लगाओ-जीवन बचाओ’’ के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में कटहल, नीम, पीपल, बरगद, आम, जामुन और गुलमोहर सहित फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।

मंत्री श्री दयालदास बघेल ने किया पौधरोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 

इस अवसर पर मंत्री बघेल ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और स्कूली बच्चों को पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए आव्हान किया। उन्होंने कहा कि एक पेड़ लगाना सौ पुण्यों के बराबर है। पेड़ ही हमें ऑक्सीजन देते हैं, वर्षा लाते हैं और धरती को हरा-भरा रखते हैं। यदि हम आज पेड़ नहीं लगाएंगे तो आने वाली पीढ़ी को शुद्ध हवा और पानी के लिए तरसना पड़ेगा।

मंत्री बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने सेवा पखवाड़ा के माध्यम से स्वच्छता, सेवा और पर्यावरण संरक्षण का जो संकल्प लिया है, उस पर अमल करते हुए हम सभी को पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता निभानी चाहिए। स्वच्छ भारत का सपना तभी साकार होगा जब हम अपने आसपास हरियाली बढ़ाएंगे और कचरा मुक्त वातावरण बनाएंगे। उन्होंने हर नागरिक से आह्वान किया कि वह अपने जन्मदिन, शादी की सालगिरह या किसी विशेष अवसर पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल बच्चे की तरह करे।

कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं की विशेष सहभागिता रही। बच्चों ने पर्यावरण पर आधारित नारे लगाए और पौधों की सुरक्षा का संकल्प लिया। मंत्री जी ने बच्चों से कहा कि आप ही देश के भविष्य हैं, पर्यावरण की रक्षा की जिम्मेदारी अब आपके कंधों पर है।
पौधरोपण कार्यक्रम को लेकर ग्राम संबलपुर में सुबह से ही उत्साह का माहौल था। ग्रामीणों ने मंत्री जी का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद रजक, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अजय साहू, अन्य जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, सीईओ जिला पंचायत सुश्री प्रेमलता पद्माकर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व दिव्या पोटाई, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, महिलाएं और ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री बघेल ने सभी को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह केवल एक पौधरोपण कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए सुरक्षित भविष्य की नींव है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button