
रायपुर। रायपुर के कटोरा तालाब स्थित संत कंवरराम चौक के पास पटाखों की चिंगारी से दुकानों के बाहर आग लग गई। सड़क पर फोड़े जा रहे पटाखों की चिंगारी दुकानों के बाहर लगे डेकोरेशन पर जा गिरी, जिससे आग भड़क उठी।
आग की चपेट में 2 से 3 दुकानों के बाहर लगा डेकोरेशन आ गया। इससे पूरी सजावट जलकर खाक हो गई। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
वहीं, माना थाना क्षेत्र स्थित मंडी में देर रात तीन दुकानों में भीषण आग लग गई। इनमें दीपक ट्रेडर्स, व्यंकटेश इंटरप्राइजेज और जयराम स्टेश्वरी शामिल हैं। तीनों दुकानें स्टेशनरी की हैं और B-164, B-165 और B-166 नंबर पर स्थित हैं।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग से तीनों दुकानों में करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने का कारण पता लगाया जा रहा है।
पिछले महीने पंडरी कपड़ा मार्केट में लगी थी आग
रायपुर के पंडरी स्थित सिटी सेंटर मॉल के पास महालक्ष्मी मार्केट की होम डेकोरेशन दुकान में 25 अक्टूबर को आग लग गई थी। आग बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर लगी थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दुकान के AC का कंप्रेसर फटने से आग लगी थी।
आग से दुकान में रखा फर्नीचर और सजावटी सामान जल गया था। सूचना मिलने पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं। घटना में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई गई थी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।




