छत्तीसगढ़राज्य

बच्चों की रुचि के अनुसार उन्हें प्रशिक्षित करना ही सच्ची शिक्षा : बृजमोहन अग्रवाल

True education means training children according to their interests: Brijmohan Agrawal

रायपुर। रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल बाल दिवस के अवसर पर भारतीय विद्या मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल के भव्य रजत जयंती (25 वर्ष पूर्ण होने के) समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा शिक्षकों को सम्मानित किया। समारोह में स्कूली बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जिस बच्चे की जिस विषय में रुचि है, उसे उसी के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाना चाहिए, यही सबसे अच्छी शिक्षा है। उन्होंने विद्यालय की 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज हमारे इस विद्या मंदिर के 25 साल पूरे हो रहे हैं, इसके लिए मैं पूरे विद्यालय परिवार को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।
अग्रवाल ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि इस संस्थान से पढ़कर निकले बच्चे अपने जीवन में अवश्य सफल होंगे और आने वाले समय में भी यह विद्यालय बच्चों को और बेहतर शिक्षा देकर देश व समाज के लिए तैयार करेगा।
इससे पूर्व कार्यक्रम में विद्यालय के संस्थापक सुशील कुमार साहू ने संस्थान के 25 वर्षों के संघर्ष और सफलता की यात्रा को याद किया। उन्होंने बताया कि धमतरी जिले के ग्राम भैंसमुंडी से प्राथमिक शिक्षा और भोपाल से कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद, 1999 में शिक्षण कार्य शुरू किया और परिजनों के सहयोग से सन् 2001 में इस विद्यालय की नींव रखी। 2006 में हाई स्कूल और 2008 में हायर सेकेंडरी की मान्यता मिलने के बाद आज यहां गणित, जीव विज्ञान और वाणिज्य संकाय में सैकड़ों विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। उन्होंने कहा कि 25 वर्ष पहले लगाया गया छोटा सा पौधा आज विशाल वृक्ष बन चुका है, जिसकी छाया में बच्चों को ज्ञान और संस्कार मिल रहे हैं।
समारोह में समिति उपाध्यक्ष प्रभा साहू, शारदा कुमार साहू, विद्यालय प्राचार्य किरण साहू, संतोष अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण, पालकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button