छत्तीसगढ़राज्य

किराएदार बनकर मकान मालिक से ठगे 28.55 लाख

Swindled Rs 28.55 lakh from landlord by posing as a tenant

रायपुर। रायपुर में मकान किराये पर लेने और दूसरे शहरों में संपत्तियों के संचालन के नाम पर महिला से 28.55 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एवेना कंपनी के संचालकों ने पहले महिला का मकान किराये पर लिया और दो महीने तक समय पर किराया देकर भरोसा जीता।
इसके बाद भोपाल समेत दूसरे शहरों में मकान लेने के लिए उनके मालिकों को सिक्योरिटी डिपॉजिट देने के नाम पर महिला से निवेश कराया। शुरुआत में निवेश पर मुनाफा भी दिया, लेकिन बड़ी रकम मिलने के बाद पैसे लौटाने में टालमटोल करने लगे। महिला का 4.63 लाख रुपए किराया भी बकाया है।
ग्रीन विले सिटी, बोरियाकला निवासी ज्योति सोनी की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला मुजगहन थाना क्षेत्र का है।
शिकायत के मुताबिक, मार्च 2026 में इंस्टाग्राम पर ऋतिक अग्रवाल और अर्जुन अरोरा एवेना नाम से संपत्ति किराये पर लेने और ऑनलाइन संचालन का विज्ञापन चला रहे थे।
इसी विज्ञापन के जरिए ज्योति सोनी का संपर्क कंपनी के प्रतिनिधि अजय अग्रवाल से हुआ। उसने महिला का मकान किराये पर लेकर नियमित भुगतान करने का भरोसा दिलाया।
शुरुआत के 2 महीने तक कंपनी ने समय पर किराया दिया। इससे महिला को कंपनी पर भरोसा हो गया। इसके बाद आरोपियों ने मकान किराये पर लेने के साथ निवेश से अतिरिक्त कमाई का प्रस्ताव रखा।
कंपनी के प्रतिनिधियों ने महिला को बताया कि भोपाल समेत दूसरे शहरों में मकान किराये पर लेने के लिए उनके मालिकों को सिक्योरिटी डिपॉजिट देना पड़ता है। कंपनी इस काम के लिए निवेश लेती है और निवेशकों को नियमित मुनाफा देती है।
इस भरोसे में महिला ने 8 मई को 50 हजार, 11 मई को 4.50 लाख और 15 जून को 5 लाख रुपए बैंक के जरिए जमा किए। इस तरह शुरुआती निवेश 10 लाख रुपए हुआ। शिकायत में बताया गया है कि मई, जून और जुलाई में निवेश पर मुनाफे की रकम भी दी गई।
6 शहरों में संपत्तियां मिलने का दिया भरोसा
शुरुआती निवेश के बाद आरोपियों ने महिला को बताया कि भोपाल, देहरादून, नासिक, भीमताल, गोवा और जयपुर में नई संपत्तियां किराये पर लेने का काम मिल रहा है। इसके लिए और रकम की जरूरत बताई गई।
महिला को निवेश के बदले लिखित समझौता और सुरक्षा चेक देने का भरोसा दिलाया गया। इसके बाद महिला ने अलग-अलग तारीखों में 18.55 लाख रुपए और जमा कर दिए। इस तरह कुल निवेश 28.55 लाख रुपए हो गया।
अलग-अलग नाम से बात करने का आरोप
महिला का आरोप है कि उनसे अजय अग्रवाल के नाम से बात करने वाला व्यक्ति वास्तव में कंपनी का निदेशक ऋतिक अग्रवाल है। इसी तरह आर्यन नाम से संपर्क करने वाला व्यक्ति अर्जुन अरोरा बताया गया है।
समझौता और सुरक्षा चेक मांगने पर करने लगे टालमटोल
महिला ने जब निवेश का लिखित समझौता और सुरक्षा चेक मांगे तो कंपनी के प्रतिनिधि टालमटोल करने लगे। इसके बाद महिला ने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई।
उन्हें पता चला कि जिन मकान मालिकों को सिक्योरिटी डिपॉजिट देने के नाम पर निवेश कराया गया था, उन्हें कथित तौर पर रकम दी ही नहीं गई।
इसके बाद महिला ने मुजगहन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button