छत्तीसगढ़राज्य

अकवान चक्रवात से हुई फसल क्षति पर जिला प्रशासन पूरी तरह गंभीर, किसानों को मिलेगा उचित मुआवजा’

‘District administration takes crop damage caused by Cyclone Akwan very seriously; farmers will receive fair compensation.’

रायपुर: अकवान चक्रवात से जिले में हुई फसल क्षति को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह गंभीर और सजग है। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशन पर राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने खेतों में पहुंचकर फसल क्षति का सर्वे कार्य शुरू कर दिया है। प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि एक भी प्रभावित किसान मुआवजे से वंचित नहीं रहेगा। जिन किसानों की फसल चक्रवात की बारिश और तेज हवाओं से बर्बाद हुई है, उन्हें नियमानुसार उचित मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी।
चक्रवात के कारण जिले के कई क्षेत्रों में धान की खड़ी फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। कहीं खेतों में पानी भर गया, तो कहीं तेज हवा से फसल जमीन पर गिर गई। किसानों की इस पीड़ा को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल सर्वे के निर्देश दिए थे। निर्देश मिलते ही राजस्व एवं कृषि विभाग की टीमें सक्रिय हो गईं और गांव-गांव पहुंचकर सर्वे में जुट गईं।

इसी कड़ी में आज राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम तहसील दाढ़ी के ग्राम मजगांव एवं थानखमरिया के ग्राम ठेलका एवं बनोरा पहुंची। यहां अधिकारियों ने खेत-खेत जाकर फसल क्षति का जायजा लिया। टीम ने किसानों से सीधे बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और खेतों में खड़ी फसल की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया।

सर्वे के दौरान अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त फसल का प्रतिशत, प्रभावित रकबा, फसल का प्रकार और नुकसान की स्थिति का पूरा विवरण दर्ज किया। साथ ही मौके पर ही फसल के फोटो और वीडियो भी लिए गए, ताकि सर्वे पूरी तरह पारदर्शी हो और किसी भी किसान के साथ अन्याय न हो। अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर शासन के नियमों के अनुसार जल्द से जल्द मुआवजा राशि स्वीकृत कर उनके खातों में भेजी जाएगी।
गांव में सर्वे टीम को देखकर किसानों में राहत की भावना दिखी। ग्राम मजगांव के किसानों ने बताया कि चक्रवात की बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया था। धान की फसल कटाई के कगार पर थी, तभी बारिश और हवा ने सब बर्बाद कर दिया। वहीं ठेलका और बनोरा के किसानों ने कहा कि उन्हें प्रशासन से पूरी उम्मीद है कि सर्वे के बाद उन्हें उचित मुआवजा मिलेगा और वे दोबारा खेती के लिए खड़े हो सकेंगे।
’कलेक्टर ने कहा सर्वे पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ किया जाए’

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सर्वे पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ किया जाए। कोई भी पात्र किसान छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए राजस्व अधिकारियों,कृषि विस्तार अधिकारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी और राजस्व निरीक्षक को संयुक्त रूप से जिम्मेदारी दी गई है।

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे सर्वे के दौरान अपनी भूमि के दस्तावेज, बैंक खाता विवरण और फसल से संबंधित जानकारी तैयार रखें, ताकि सर्वे कार्य में तेजी आ सके। साथ ही जिन किसानों के खेतों में अभी सर्वे नहीं हुआ है, वे घबराएं नहीं। चरणबद्ध तरीके से पूरे जिले में सर्वे कराया जा रहा है।
प्रशासन के इस त्वरित कदम से किसानों में भरोसा जगा है। किसानों का कहना है कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन उनके साथ खड़ा है, यही सबसे बड़ी राहत है। जिला प्रशासन ने दोहराया है कि किसान जिले की रीढ़ हैं और उनकी हर समस्या के समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह सजग और तत्पर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button