छत्तीसगढ़राज्य

बेमेतरा में घटिया सड़क की होगी जांच, मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश

Substandard Roads in Bemetara to be Investigated; Chief Minister Issues Directives

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बेमेतरा जिले की नगर पंचायत दाढ़ी में नवनिर्मित सीसी रोड के कुछ ही समय में क्षतिग्रस्त होने की घटना को अत्यंत गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। जनहित के कार्यों में ढिलाई बरतने वालों के विरुद्ध कड़ी जवाबदेही तय की जाएगी।
कलेक्टर को त्वरित जांच के निर्देश : साय ने बेमेतरा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं से दूरभाष पर चर्चा कर पूरे प्रकरण की विस्तृत और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित सड़क का तकनीकी परीक्षण कर निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, कार्य की गुणवत्ता और पर्यवेक्षण व्यवस्था की गहन जांच की जाए। यदि मानकों में कोई भी कमी पाई जाती है, तो संबंधित ठेकेदार और दोषी अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
जनता की सुविधा प्राथमिकता मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि जांच के साथ-साथ क्षतिग्रस्त सड़क का तत्काल पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने प्रशासन को सख्त हिदायत दी है कि भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सभी निर्माण कार्यों का नियमित फील्ड निरीक्षण किया जाए।
पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर साय ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य प्रदेश में टिकाऊ और भरोसेमंद अधोसंरचना का विकास करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सतत मॉनिटरिंग और प्रभावी गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र के माध्यम से ही विकास कार्यों की विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सकती है। मुख्यमंत्री के इस कड़े रुख से यह साफ हो गया है कि प्रदेश में गुणवत्ता और पारदर्शिता से समझौता करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button