
रायपुर। रायपुर में 10 मई को होने वाले IPL मैच के पहले फेज की सारी ऑनलाइन टिकट बिक चुकी है। वहीं 12 मई को होने वाले दूसरे मैच के लिए टिकट विंडो ओपन कर दी गई है। दर्शक https://shop.royalchallengers.com/ticket वेबसाइट पर जाकर टिकट खरीद सकते हैं।
पहला मैच दिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस के बीच मैच खेला जाएगा। वहीं दूसरा मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और केकेआर के बीच होना है। मैच की सबसे सस्ती टिकट 2500 रुपए की है। लेकिन इस रेट की कोई भी उपलब्ध नहीं दिखा रही है।
वहीं, 10 मई को होने वाले मैच के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने 10th, 12th मेरिट में आए स्टूडेंट्स को फ्री में मैच दिखाने की व्यवस्था की है। जानकारी के अनुसार, RCB की टीम 8 मई को रायपुर पहुंचेगी और यहां करीब 6 दिन तक रहेगी।
इस दौरान टीम मैदान पर प्रैक्टिस भी करेगी। मुंबई इंडियंस की टीम भी 8 मई के बाद रायपुर पहुंच सकती है।
QR कोड के जरिए मैदान के अंदर मिलेगी एंट्री
मैच के लिए डिजिटल M-टिकट जारी किए जाएंगे। इन टिकटों को फिजिकल टिकट में रिडीम करने की जरूरत नहीं होगी। दर्शकों को एंट्री के लिए QR कोड मैच वाले दिन गेट खुलने से कुछ समय पहले ही दिखाई देगा।
इससे पहले QR कोड एक्सेस नहीं किया जा सकेगा। आयोजकों का कहना है कि यह व्यवस्था सुरक्षा और फर्जी एंट्री रोकने के लिए लागू की गई है।
गेट खुलने का समय और एंट्री सिस्टम
स्टेडियम के गेट दोपहर 3:30 बजे खुलेंगे। दर्शकों को अपने टिकट में दिए गए गेट नंबर के अनुसार ही प्रवेश करना होगा। ये सारी जानकारी आपको अपने खरीदी हुई टिकट में भी देखने काे मिलेगा। दोबारा एंट्री की अनुमति नहीं होगी।
वहीं 2 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए अलग टिकट जरूरी होगा। एक नंबर से केवल चार टिकट की मिलेंगे। दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे मैच के दिन समय से पहले पहुंचे और QR कोड एक्टिव होने के बाद ही एंट्री के लिए तैयार रहें।
M-टिकट ट्रांसफर: सिर्फ एक बार ही संभव
जानकारी के मुताबिक, हर M-टिकट को केवल एक बार ही ट्रांसफर किया जा सकेगा। इसके बाद उसे आगे किसी और को फॉरवर्ड नहीं किया जा सकता।
टिकट ट्रांसफर के दौरान यूजर को रिसीवर का मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। ट्रांसफर कंफर्म होते ही पुराने यूजर की एक्सेस खत्म हो जाएगी। नया यूजर वेबसाइट/ऐप में लॉगिन कर टिकट एक्सेस कर सकेगा।
आयोजकों का कहना है कि यह सिस्टम खासतौर पर ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए लागू किया गया है।
10वीं-12वीं मेरिट स्टूडेंट्स को दिखाया जाएगा IPL मैच
छत्तीसगढ़ में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की मेरिट लिस्ट में जगह बनाने वाले स्टूडेंट्स को ये IPL मैच फ्री में दिखाया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
विभाग ने निर्देश दिया है कि संबंधित बच्चों को एक टीचर के साथ 10 मई की सुबह 10 बजे तक SCERT रायपुर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद वहां से सभी छात्रों को मैच देखने के लिए ले जाया जाएगा।
सुरक्षा एजेंसियों की अपील
इसके अलावा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सुरक्षा के मद्देनजर कई सामानों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है।
आयोजकों और सुरक्षा एजेंसियों ने दर्शकों से अपील की है कि वे सिर्फ जरूरी सामान लेकर ही स्टेडियम पहुंचें और सुरक्षा जांच में सहयोग करें।




