
रायपुर। नया रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान IIIT रायपुर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। शातिर चोर हॉस्टल में घुसकर करीब 15 लैपटॉप चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। मामला राखी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार चोरी उस समय हुई जब अधिकांश छात्र परीक्षा देने के लिए अपने कमरों से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सुनसान हॉस्टल का फायदा उठाया और कमरों में रखे महंगे लैपटॉप लेकर फरार हो गए।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक आरोपी खुद को कामगार या कर्मचारी बताकर संस्थान परिसर में दाखिल हुए थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने किसी तरह सुरक्षा कर्मियों को झांसे में लिया और आसानी से हॉस्टल तक पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने छात्रों के कमरों को निशाना बनाया। छात्रों का कहना है कि घटना बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई है। चोरों को पहले से जानकारी थी कि परीक्षा के समय हॉस्टल खाली रहेगा। इसी वजह से उन्होंने वारदात को अंजाम देने के लिए यही समय चुना।




