
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 16 जून से स्कूल खुल जाएंगे। इसे लेकर स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर नए शैक्षणिक सत्र की घोषणा की है। इस अवसर पर राज्यभर के स्कूलों में शाला प्रवेश उत्सव मनाया जाएगा, जहां नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा। सरकार के इस फैसले को लेकर अब कांग्रेस विरोध में उतर गई है। कांग्रेस नेता व पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने शिक्षा मंत्री और कलेक्टर को पत्र लिखकर तारीख आगे बढ़ाने की मांग की है।
विकास उपाध्याय ने अपने पत्र में लिखा कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐसे में रायपुर सहित प्रदेश के समस्त जिलों में संचालित निजी एवं शासकीय विद्यालयों को 1 जुलाई से प्रारंभ किया जाए। उपाध्याय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में वर्तमान में तापमान अभी भी अपने चरम सीमा पर है और प्रदेश में ‘‘लू’’ एवं स्कूली बच्चों पर हिट तापमान के कारण डी-हाईड्रेशन का खतरा बना है। इस स्थिति में स्कूली बच्चों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा एवं उनके स्वास्थय पर बहुत गंभीर प्रभाव भी पड़ सकता है। इसलिए स्कूल के ग्रीष्म कालीन छुट्टी को निरंतर 30 जून तक यथावत् रखकर 1 जुलाई से स्कूल प्रारंभ किये जाने उन्होंने मंत्री एवं कलेक्टर को पत्र प्रेषित किया है।




