छत्तीसगढ़राज्य

नियद नेल्लानार 2.0 अभियान को मिली रफ्तार, घर-घर पहुंचेगा योजनाओं का लाभ

'Niyad Nellanar 2.0' campaign gains momentum; benefits of schemes to reach every household.

रायपुर, : खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित नियद नेल्लानार 2.0 अभियान को गति प्रदान की जा रही है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में खैरागढ़ एवं छुईखदान विकासखंड के ग्राम पंचायत सचिवों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उन्मुखीकरण कार्यक्रम में सचिवों को अभियान की कार्ययोजना, सर्वेक्षण प्रक्रिया, पात्रता सत्यापन, हितग्राहियों के पंजीयन तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे पात्र व्यक्तियों एवं परिवारों की पहचान करना है, जो पात्र होने के बावजूद अब तक शासन की किसी योजना का लाभ प्राप्त नहीं कर सके हैं।
अभियान के तहत जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम स्तरीय सत्यापन दल गठित किए गए हैं। इन दलों में सचिव, पटवारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, रोजगार सहायक, मितानिन, सक्रिय महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य, किसान सगवारी तथा कोटवार को शामिल किया गया है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में सचिव को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सत्यापन दल विभिन्न विभागों से प्राप्त सूची के आधार पर घर-घर पहुंचकर हितग्राहियों का पात्रता अनुसार सत्यापन करेंगे। साथ ही सर्वेक्षण के दौरान ऐसे पात्र व्यक्तियों की भी पहचान की जाएगी, जिन्हें अब तक किसी शासकीय योजना का लाभ प्राप्त नहीं हुआ है। ऐसे सभी हितग्राहियों का पंजीयन कर उन्हें संबंधित योजनाओं से जोड़ने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले का कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं सचिवों को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ फील्ड में जाकर सत्यापन कार्य संपादित करने के निर्देश दिए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल ने कहा कि नियद नेल्लानार 2.0 शासन की महत्वपूर्ण फ्लैगशिप पहल है। सभी अधिकारी एवं सचिव समन्वय और टीम भावना के साथ अभियान को सफल बनाएं तथा निर्धारित समय-सीमा में सर्वे कार्य पूर्ण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
उन्मुखीकरण के उपरांत अब सभी ग्राम पंचायतों में गठित दल घर-घर पहुंचकर सर्वे एवं सत्यापन कार्य प्रारंभ करेंगे। अभियान के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, खाद्य सुरक्षा सहित विभिन्न व्यक्तिगत एवं परिवारमूलक शासकीय योजनाओं का लाभ जिले के अंतिम छोर पर बसे पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button