
रायपुर। राजधानी के पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में गुरुवार रात प्रस्तावित डकैती की साजिश का पुलिस ने वारदात से पहले खुलासा कर दिया। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने दिल्ली और बिहार के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं। मुखबिर की सूचना पर गुढ़ियारी थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे से तीनों आरोपियों को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और 2500 रुपए नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि एक अप्रैल को कल्याण ज्वेलर्स की रेकी कर सुरक्षा व्यवस्था और आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाई गई थी। इसके बाद गुरुवार रात डकैती को अंजाम देने की योजना बनाई गई थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवांश शर्मा (19) निवासी दिल्ली, सुशांत पासवान (19) निवासी दिल्ली और मयंक सिंह (19) निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 310(4) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।




