फसल नुकसान के बीच किसानों को राहत, एक क्विंटल बिक्री पर भी नहीं कटेगा बोनस
Relief for farmers amidst crop losses: no deduction from bonus even on the sale of a single quintal.

रायपुर। प्रदेश के किसानों को 15 नवंबर से शुरू हो रही धान खरीदी में बड़ी राहत मिलने जा रही है। इस बार प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेचने की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है। अब पंजीकृत किसान अगर एक क्विंटल भी धान बेचता है, तो उसे प्रति एकड़ 21 क्विंटल के हिसाब से ही बोनस मिलेगा। यानी धान कम बेचने पर भी बोनस की रकम नहीं घटेगी।
राज्य सरकार प्रति एकड़ 13,839 रुपए बोनस दे रही है। पिछले महीने चक्रवाती अर्नब तूफान से प्रदेश के कई इलाकों में धान की फसल को नुकसान पहुंचा था। ऐसे में सरकार का यह फैसला किसानों को फसल नुकसान से राहत देने की बड़ी कोशिश है। इस फैसले से प्रदेश के 27.50 लाख से अधिक किसानों को फायदा होगा।
खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए सरकार ने धान खरीदी का समर्थन मूल्य 3100 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है। इसमें से केंद्र सरकार का एमएसपी 2441 रुपए क्विंटल है। अंतर की राशि 659 रुपए बोनस है, जो राज्य सरकार देगी। राज्य सरकार ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल खरीदी मानक तय किया है।
गुरुवार को कृषि विभाग ने खरीफ वर्ष-2026 के लिए नीति जारी की है। इसमें बड़ी राहत दी गई है। पतले खुशबूदार धान का रेट 2461 रुपए क्विंटल है। यानी अच्छा धान प्रति क्विंटल 20 रुपए अधिक में खरीदा जाएगा।
रकबे का सत्यापन जरूरी: खरीदी सहकारी समितियों से होगी। इसके लिए किसान का एग्री-स्टैक में पंजीयन जरूरी है। डिजिटल क्रॉप सर्वे में धान बोने का रकबा दर्ज व सत्यापित होना चाहिए।
एक एकड़ में धान बोने पर: किसान ने एक एकड़ में धान बोया है, तो वह 21 क्विंटल तक धान बेच सकता है। यदि किसान 1 क्विंटल तक धान बेचता है, तो भी उसे एक एकड़ के हिसाब से बोनस राशि 13,839 रुपए मिलेगी। जबकि 2441 रुपए क्विंटल एमएसपी राशि मिलाकर कुल 16,280 रुपए खाते में आएंगे।
0.8 एकड़ में धान बोने पर: यदि 0.8 एकड़ क्षेत्र में धान बोया है, तो 21 क्विंटल एकड़ के हिसाब से उसकी अधिकतम बिक्री सीमा 16.8 क्विंटल होगी। यदि किसान 15 क्विंटल धान ही बेचता है, तो उसे 0.8 एकड़ की तय बोनस राशि 11,071.2 रुपए मिलेगी। एमएसपी के 36,615 रुपए मिलाकर कुल 47686.2 रुपए मिलेंगे।




