छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क
Trending

ट्यूलीप एरिना होटल संचालक से 28.16 लाख की धोखाधड़ी, दो अकाउंटेंट पर अपराध दर्ज

Fraud of ₹28.16 lakh against Tulip Arena Hotel operator; case registered against two accountants.

रायपुर। रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र के फुंडहर स्थित ट्यूलीप एरिना होटल के दो अकाउंटेंट पर कंपनी के बैंक खाते से 28.16 लाख रुपए का अनधिकृत ट्रांसफर करने का आरोप लगा है।
ऑडिट के दौरान वित्तीय गड़बड़ी सामने आने के बाद होटल के ऑपरेशन मैनेजर संजीव कुमार ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीनियर अकाउंटेंट हिमांशु त्रिपाठी और जूनियर अकाउंटेंट नजीप जांगड़े के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक, दोनों आरोपी कंपनी के बैंक खाते से भुगतान करने के लिए अधिकृत थे। आरोप है कि इसी अधिकार का फायदा उठाकर उन्होंने कंपनी के खाते से अपने और अन्य लोगों से जुड़े बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की। होटल के लेजर में इन लेन-देन को अलग-अलग व्यक्तियों और फर्मों को किए गए भुगतान के रूप में दर्ज किया गया।

शिकायत के अनुसार, सीनियर अकाउंटेंट हिमांशु त्रिपाठी पर करीब 22.34 लाख रुपए और जूनियर अकाउंटेंट नजीप जांगड़े पर 5.81 लाख रुपए के अनधिकृत ट्रांसफर का आरोप है। पुलिस अब इन लेन-देन से जुड़े बैंक खातों और रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

कैश बिलिंग में भी गड़बड़ी

शिकायत में होटल की कैश बिलिंग से मिली रकम अपने पास रखने और उसे UPI भुगतान के तौर पर रिकॉर्ड में दिखाने का भी आरोप लगाया गया है। इसके अलावा कथित गड़बड़ी छिपाने के लिए लेखा रिकॉर्ड, कंप्यूटर सिस्टम, सॉफ्टवेयर और ई-मेल में छेड़छाड़ किए जाने की बात भी सामने आई है।

फिलहाल, तेलीबांधा पुलिस ने मामला दर्ज कर बैंक ट्रांजेक्शन, अकाउंटिंग रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कथित तौर पर ट्रांसफर की गई रकम किन खातों में गई और उसका इस्तेमाल किस तरह किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button