
रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर में बैंक से लोन दिलाने के नाम पर दूसरे के पहचान संबंधित दस्तावेज लेकर एक एजेंट और उसके साथी ने अपने लिए मोबाइल, एसी और कार फाइनेंस करवा लिए। इसकी जानकारी होने पर पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मास्टरमाइंड को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी फरार है।
पहले भी कई लोगों से कर चुका है ठगी
पुलिस के मुताबिक दलदल सिवनी निवासी कृष्णा राव जमैटो बॉय का काम करता है। उसकी मुलाकात हाउङ्क्षसग बोर्ड कॉलोनी सेक्टर-8 निवासी होरीलाल पंकज से हुई। होरीलाल ने लोन दिलाने का आश्वासन दिया। इस पर कृष्णा ने उससे संपर्क किया। होरीलाल ने उसे दोंदेकला स्थित अपने ऑफिस में बुलाया। वहां उसने उसे अपने साथी जितेश चंद्राकर से मिलवाया। जितेश को लोन एजेंट बताया।
लोन की प्रक्रिया के एवज में आरोपियों ने कृष्णा से 5 हजार रुपए भी ले लिए। उसने अपना आधार कार्ड, पेन कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक भी दोनों को दे दिया। जितेश और होरी लाल ने इन सभी दस्तावेजों को बैंक में जमा करने पर ही लोन मिलने का झांसा दिया। इसके बाद अलग-अलग बैंकों से उसके नाम से कुल 27 लाख 50 हजार रुपए का लोन ले लिया। इसकी जानकारी होने पर कृष्णा ने पंडरी थाने में शिकायत की। पुलिस ने होरीलाल को गिरफ्तार कर लिया है।
शातिर है मास्टरमाइंड
होरीलाल काफी शातिर है। उसने पीडि़त के दस्तावेजों का इस्तेमाल करते हुए अलग-अलग बैंकों से एसी, मोबाइल, कार फाइनेंस कराए। इसके अलावा कृष्णा के नाम पर 10 लाख रुपए का लोन ले लिया। किस्त जमा करने के लिए बैंकों की ओर से नोटिस आने पर मामले का खुलासा हुआ।
कई लोगों से कर चुका है ठगी
आरोपी कई लोगों से इसी तरह ठगी कर चुका है। उसके खिलाफ कांकेर और शिवरीनारायण में मामला दर्ज हो चुका है। उसकी गिरफ्तारी भी हुई थी। जमानत पर छूटने के बाद रायपुर में ठगी कर रहा था।




