छत्तीसगढ़राज्य

रायपुर में बदमाशों का आतंक! युवक को बंधक बनाकर ATM से निकलवाए पैसे, एक गिरफ्तार

Reign of Terror by Criminals in Raipur! Youth Held Hostage and Forced to Withdraw Money from ATM; One Arrested

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शहर में आए दिन मारपीट, लूट और धमकी जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों में डर का माहौल बनता जा रहा है। ताजा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है, जहां कुछ बदमाशों ने एक युवक को पहले रोककर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की, फिर उसे जबरदस्ती बंधक बनाकर ATM तक ले गए। आरोपियों ने युवक को इतना डराया-धमकाया कि उसने मजबूरी में अपने खाते से 10 हजार रुपये निकालकर उन्हें दे दिए। हैरानी की बात यह है कि बदमाशों ने ATM के अंदर भी युवक के साथ मारपीट की और पूरी वारदात को बेखौफ तरीके से अंजाम दिया।
पीड़ित विशाल सोनकर, जो कुशालपुर का निवासी है और एक निजी कंपनी में काम करता है, 8 मई को टिकरापारा इलाके से शंकरनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह साहू भवन के पास एक पान ठेले पर रुका। तभी विशाल बृजवानी उर्फ दीनू (26) अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और बिना किसी कारण गाली-गलौज शुरू कर दी।
जब युवक ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद तीनों बदमाशों ने उसे जबरदस्ती उसकी ही मोपेड पर बैठाकर पास के ATM तक ले गए। इस दौरान युवक को लगातार धमकाया और डराया-धमकाया गया।
घटना के बाद पीड़ित विशाल सोनकर ने टिकरापारा थाने पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विशाल बृजवानी उर्फ दीनू को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसके खिलाफ 5 से अधिक अपराध दर्ज हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button